Barabanki Crime News : बाराबंकी में चोरों का आतंक, घर से लाखों के जेवर और नकदी लेकर हुए फरार, इलाके में दहशत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरथरा पोस्ट सफेदाबाद में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पार कर दी। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार गांव वासी मोहम्मद अनवर के घर में शुक्रवार रात करीब तीन बजे चोर घुस आए। उस समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। 

सुबह उठने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी टूटी पड़ी थी। अलमारी में रखे बहू के सोने-चांदी के जेवर तथा 25 हजार रुपये नकद गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब चार से पांच लाख रुपये बताई जा रही है। सूचना मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक महीने में क्षेत्र में यह तीसरी बड़ी चोरी की घटना है, जिससे लोगों में भय व्याप्त है। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। कोतवाल सुधीर सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

cats

संदिग्ध युवकों की रेकी सीसीटीवी में कैद

शहर के ग्रीन गार्डन सिटी चोपुला इलाके में देर रात संदिग्ध युवकों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों का आरोप है कि युवक घरों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। बताया जा रहा कि देर रात कुछ युवक कॉलोनी की गलियों में घूमते नजर आए।

सीसीटीवी फुटेज में युवक मुंह बांधे हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वे घरों के आसपास घूमते, इधर-उधर नजर दौड़ाते और गतिविधियों पर नजर रखते दिख रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद कॉलोनी के लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

एटीएम बदलकर खाते से रकम उड़ाई

सतरिख थाना क्षेत्र में एक शातिर युवक ने एटीएम बदलकर खाते से रकम निकाल ली। दूसरे दिन बैंक में खाते में महज 18 रुपये होने का पता चलते ही पीड़ित का माथा ठनक गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज की है। जानकारी के अनुसार ग्राम पनिहल थाना जैदपुर निवासी आशाराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह 1 मई को स्टेट बैंक शाखा नानमऊ स्थित एटीएम पर पैसे निकालने गया था। दोपहर में उसने एटीएम मशीन में कार्ड लगाकर एमपिन डाला, लेकिन ट्रांजेक्शन फेल दिखाने लगा। 

इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात युवक ने मदद के बहाने उसका कार्ड लेकर साफ करने की बात कही और दोबारा मशीन में लगाने को कहा। कई प्रयासों के बाद भी पैसा नहीं निकला, जिसके बाद वह वापस घर चला गया। पीड़ित ने बताया कि 5 मई को जब वह बैंक पहुंचा तो खाते में मात्र 18 रुपये शेष होने की जानकारी मिली। 

बैंक कर्मियों ने बताया कि उसके एटीएम कार्ड से उसी दिन बरौली मलिक तथा औसनेश्वर किसान सेवा केंद्र क्षेत्र से नकदी निकाली गई है। पीड़ित ने बैंक स्टेटमेंट भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। पुलिस ने एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच शुरू की है।

संबंधित समाचार