Etawah News : मेटा के अलर्ट से इटावा पुलिस ने नौ मिनट में बचाई युवक की जान, पत्नी से तंग आकर करने जा रहा था सुसाइड

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ/इटावा, अमृत विचार। इटावा के थाना जसवंतनगर निवासी 38 वर्षीय युवक द्वारा सोशल मीडिया पर अपने आत्महत्या संबंधी मैसेज डालते ही अलर्ट हुई पुलिस ने नौ मिनट में युवक के पास पहुंचकर बचा लिया। युवक के आत्महत्या संबंधी पोस्ट पर मेटा ने पुलिस मुख्यालय को अलर्ट किया था। मुख्यालय से इटावा पुलिस को सूचना मिलते ही आनन फानन टीम सक्रिय हुई और युवक को बचा लिया।

युवक ने अपने फेसबुक पोस्ट पर अपनी व पत्नी की एक फ़ोटो के नीचे लिखा था कि “मैं हार गया हूं भैया, मैं क्लेश सहन नहीं कर सकता, आज मैं अपनी जिंदगी खत्म कर रहा हूं, सभी से हाथ जोड़कर विनती है, मुझसे हुई गलती को माफ कर देना। उक्त पोस्ट के संबंध में 22 मई 2026 को रात्रि 12:31 पर मेटा कंपनी की तरफ से डीजीपी कार्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के जरिए एलर्ट प्राप्त हुआ। 

डीजीपी राजीव कृष्ण द्वारा उक्त एलर्ट पर तत्काल कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया। मेटा कंपनी द्वारा भेजे गये अलर्ट का संज्ञान लेकर मुख्यालय की सोशल मीडिया सेंटर द्वारा प्राप्त अलर्ट में उपलब्ध कराये गये मोबाइल नंबर के आधार पर तत्काल युवक की लोकेशन की जानकारी करके जनपद इटावा को प्रकरण से अवगत कराया गया।

सूचना एवं लोकेशन पर थाना जसवंतनगर के उप निरीक्षक मय पुलिस कर्मियों के मात्र 9 मिनट के अन्तराल में युवक के घर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों द्वारा तत्काल परिजनों को युवक द्वारा किए गए पोस्ट की जानकारी देते हुए, युवक के बारे में जानकारी की गई तो परिजनों द्वारा बताया गया कि वह अभी घर से निकल कर बाहर गया है।

उप निरीक्षक मय पुलिस कर्मियों के अविलंब युवक के पीछे दौड़ पड़े और कुछ दूरी पर उसे जाते हुए देखा तथा उसके पास पहुंच कर उसे रोका और युवक को समझा कर उसके घर वापस ले आए। युवक के सामान्य होने के बाद उसने बताया कि वह ग्रेजुएट पास है और फोटोग्राफी का काम करता है। उसकी पत्नी से उसका काफी समय से विवाद चल रहा है, जिसके कारण वह तनावग्रस्त था।

संबंधित समाचार