Varanasi News : काशी में अवैध हुक्का बारों पर छापा, 18 लोगों पुलिस ने लिया हिरासत में
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में सिगरा पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने रविवार रात को विशेष अभियान चलाते हुए अवैध हुक्का बारों पर छापा मारकर 18 लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही भारी मात्रा में नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए। पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में नशीली सामग्री, हुक्का फ्लेवर और हुक्का उपकरण बरामद किए गए।
इस दौरान 18 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि दोनों हुक्का बारों के दो संचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों ने पहले हुक्का बारों में पहुंचकर स्थिति का पूरा जायजा लिया।
संयुक्त टीम ने सबसे पहले सिगरा डब्ल्यूएच स्मिथ मार्ग स्थित पूर्णिका होटल के बेसमेंट में संचालित "लव बाइट हुक्का बार" पर छापा मारा। पुलिस के पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके से संचालक अभिषेक सोनकर और अजीत बिन्द फरार हो गए, जबकि वहां मौजूद कई युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया।
इसके बाद टीम ने आकाशवाणी तिराहे के पास संचालित "लार्ड ऑफ शीशा" हुक्का बार पर छापा मारा। यहां से संचालक नितेश विश्वकर्मा उर्फ बाबू सहित दो कर्मचारियों और कई अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया। दोनों स्थानों से भारी मात्रा में हुक्का फ्लेवर, नशीली सामग्री और हुक्का पॉट बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि शहर में आगे भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी। पकड़े गए युवाओं के परिजनों को बुलाकर समझाया जाएगा, ताकि उनके घरों के बच्चें दोबारा ऐसी गलती न करें।
