दिल्ली पहुंची मलिहाबादी दशहरी आम की पहली खेप, कारोबार शुरू होते ही बढ़ी डिमांड 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

- थोक में गुणवत्ता के हिसाब से 30-60 रुपये किलो बिका आम - दिल्ली के एक व्यापारी ने की खरीदारी की शुरुआत

लखनऊ/मलिहाबाद, अमृत विचार : मलिहाबाद से विश्व प्रसिद्ध दशहरी आम की आवक सोमवार से शुरू हो गई। 566 टन आम की पहली खेप आजादपुर मंडी दिल्ली भेजी गई। मंडी से दिल्ली समेत आसपास के राज्यों में प्रोसेसिंग करके आम बेचा जाएगा और लाेग मलिहाबादी दशहरी का स्वाद ले सकेंगे। पहले दिन मलिहाबाद में आम कारोबार शुरू होते ही अच्छी मांग देखने को मिली है। उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों से आए व्यापारियों ने आम के आर्डर दिए। 

Untitled design (9)

इनमें सबसे पहले दिल्ली के एक व्यापारी ने स्थानीय आढ़ती निर्मल से566 टन आम खरीदा और शाम को छह ट्रक से लोड करके दिल्ली आजादपुर मंडी दिल्ली भेज दिया। निर्मल ने बताया कि मलिहाबाद और काकोरी क्षेत्र से भेजे गए आम की बिक्री अच्छे दामों पर हुई है। 10 किलो का एक गत्ता 300 से 600 रुपये तक बिका है। गुणवत्ता के हिसाब से 30 से 60 रुपये किलो तक दाम मिले हैं। इस बार मौसम के प्रभाव से आम की फसल कम हुई है लेकिन, दाम अच्छे मिलने की उम्मीद है। 1 जून से डाल का पका हुआ आम स्थानीय बाजार में भी आ जाएगा।

विशिष्ट मंडी में बिना कमीशन आम की बिक्री शुरू

मलिहाबाद विशिष्ठ मंडी के अंदर आम की बिक्री करते बागवान। मलिहाबाद में करोड़ों रुपये से बनी विशिष्ट नवीन मंडी में भी आम की बिक्री शुरू हो गई। मंडी के अंदर बिना कमीशन के 110 गत्ता आम बेचा गया। बोली लगाकर बागवानों से 70 रुपये प्रति किलो तक आम खरीदा। पहली खेप फर्रुखाबाद के आम व्यापारी देवेंद्र विश्वकर्मा ने खरीदी। बागवानों का कहना है कि मंडी में सीधे आम की बिक्री की गई। इससे उन्हें अच्छे दाम मिले हैं। बिना कमीशन के आम की खरीदारी से उन्हें सीधा लाभ होगा। बोली प्रक्रिया में औने-पौने दाम नहीं मिलेंगे। बल्कि गुणवत्ता के हिसाब से अच्छे दाम मिलेंगे।

ये भी पढ़ें : 
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की उद्यमियों को दोटूक, 'समयसीमा में उद्योग करें स्थापित, लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं'

संबंधित समाचार