Pro Volleyball League: दिल्ली में प्रचंड गर्मी के बावजूद ट्रायल्स में पहुंचे सैकड़ों युवा टैलेंट, DPVL Trials में दिखा गजब का जोश
दिल्ली। दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग (डीपीवीएल) के फेज 1 ट्रायल्स रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुए। प्रचंड गर्मी के बावजूद राजधानी भर से बड़ी संख्या में वॉलीबॉल खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जो दर्शाता है कि यदि खेल के प्रति जुनून, समर्पण और प्रतिबद्धता हो तो कुछ भी आपको रोक नहीं सकता। ट्रायल्स के दौरान दिल्ली वॉलीबॉल एसोसिएशन के सदस्य कुलबीर सिंह और प्रियंक शर्मा भी उपस्थित रहे।
डीपीवीएल प्रबंधन ने खिलाड़ियों की गुणवत्ता और भागीदारी पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा, "हमने पारदर्शी और पेशेवर चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए एक अनुभवी चयन समिति का गठन किया, जिसने खिलाड़ियों का मूल्यांकन तकनीकी कौशल, फिटनेस, खेल की समझ और कोर्ट पर प्रदर्शन जैसे विभिन्न मानकों पर किया। लीग का उद्देश्य भविष्य के वॉलीबॉल सितारों को एक मजबूत मंच प्रदान करना है।"
कार्यक्रम में भारतीय वॉलीबॉल खिलाड़ी विनीत कुमार और प्रिंस मलिक ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें प्रेरित किया। पूर्व भारतीय कप्तान विनीत कुमार ने बातचीत के दौरान कहा, "भीषण गर्मी के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों को समर्पण के साथ भाग लेते देखना बेहद प्रेरणादायक है। आज जो ऊर्जा और जुनून देखने को मिला, वह दर्शाता है कि दिल्ली में वॉलीबॉल की अपार संभावनाएं हैं। डीपीवीएल जैसी पहल भविष्य के सितारों के लिए मजबूत रास्ता तैयार कर सकती है।"
भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके प्रिंस मलिक ने भी खिलाड़ियों और लीग की सराहना करते हुए कहा, "ट्रायल्स का माहौल बेहद सकारात्मक और ऊर्जावान था। खिलाड़ी कोर्ट पर अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहे थे और यही भारतीय वॉलीबॉल को जमीनी स्तर पर चाहिए। डीपीवीएल उभरती प्रतिभाओं के लिए शानदार मंच तैयार कर रहा है।"
डीपीवीएल की संस्थापक नीती रावत और जसोदा गुलिया ने ट्रायल्स के पहले चरण में मिली शानदार प्रतिक्रिया पर खुशी जताई और खिलाड़ियों, कोचों, अभिभावकों तथा सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया। फेज 1 के सफल समापन के बाद अब दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग आगामी चरणों की तैयारियों में जुट गई है।
