डिजिटल “कॉकरोच” से सावधान: नाम कॉकरोच जनता पार्टी, मगर आपका बैंक खाता साफ करने की है तैयारी !
सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चित हो रही “कॉकरोच जनता पार्टी” के नाम पर अब साइबर ठगों ने भी जाल बिछाना शुरू कर दिया है। साइबर अपराधी फर्जी विज्ञापनों और लिंक के जरिए लोगों को अपने झांसे में लेने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स को सतर्क रहने की जरूरत है।
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चित हो रही “कॉकरोच जनता पार्टी” के नाम पर अब साइबर ठगों ने भी जाल बिछाना शुरू कर दिया है। साइबर अपराधी फर्जी विज्ञापनों और लिंक के जरिए लोगों को अपने झांसे में लेने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स को सतर्क रहने की जरूरत है।
लोगों को भेज रहे फर्जी लिंक
बताया जा रहा है कि “कॉकरोच जनता पार्टी” नामक सोशल मीडिया अकाउंट ने कुछ ही दिनों में बड़ी लोकप्रियता हासिल कर ली है। इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोवर्स की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसी लोकप्रियता का फायदा उठाकर साइबर ठग भी लोगों को पार्टी से जुड़ने के नाम पर फर्जी लिंक भेज रहे हैं। साइबर अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक विज्ञापन प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें युवाओं से “कॉकरोच जनता पार्टी” ज्वाइन करने की अपील की जा रही है।
हैक हो सकता है आपका फोन
बताया जा रहा है कि विज्ञापन में दिए लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल फोन हैक होने का खतरा भी है। इसके अलावा ठगों द्वारा लिंक के जरिए नाम, पता, मोबाइल नंबर और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी भी मांगी जा रही है, जिसका दुरुपयोग कर बैंक खाते से रकम उड़ाई जा सकती है।इधर आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने लोगों से किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि साइबर ठग अक्सर किसी अभियान, प्रलोभन या देशहित के नाम पर लोगों को फंसाने का प्रयास करते हैं। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
देश बदलने के नाम पर फंसा रहे ठग
साइबर जालसाज युवाओं को आकर्षित करने के लिए विज्ञापन में “नया भारत बनाने” और “देश बदलने” जैसे भावनात्मक संदेशों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसमें युवाओं की भागीदारी का आह्वान कर फर्जी लिंक से जुड़ने की अपील की जा रही है।
