ऑपरेशन प्रहार: एक दिन में 253 वाहनों का चालान, नो पार्किंग, रैश ड्राइविंग और गलत नंबर प्लेट वालों पर शिकंजा
ऑपरेशन प्रहार एवं लगाम के तहत जिले भर में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 253 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 11 वाहनों को सीज किया गया।
हल्द्वानी, अमृत विचार। ऑपरेशन प्रहार एवं लगाम के तहत जिले भर में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 253 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 11 वाहनों को सीज किया गया।
40 हजार से ज्यादा जुर्माना वसूला
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान नो पार्किंग में खड़े 71 वाहनों के चालान किए गए। वहीं, गलत नंबर प्लेट और संदिग्ध पाए गए 52 वाहनों पर कार्रवाई की गई। रैश ड्राइविंग कर रहे 32 वाहन चालकों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई हुई। बिना नंबर प्लेट के आठ वाहनों के चालान किए गए, जबकि 156 मामलों में कोर्ट चालान किए गए। अभियान के दौरान कुल 40,500 रुपये संयोजन शुल्क भी वसूला गया।
काली फिल्म और ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती
चेकिंग के दौरान जिन वाहनों पर प्रतिबंधित काली फिल्म लगी मिली, उन्हें मौके पर ही हटवाया गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों की एल्कोमीटर से जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखना पुलिस की प्राथमिकता है। ‘ऑपरेशन प्रहार एवं लगाम’ के तहत यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
