यूपी मातृभूमि योजना: उन्नाव की दिव्यांग शीला शर्मा के हुनर को मिला सरकार का साथ, खोला आधुनिक कला प्रशिक्षण केंद्र
युवाओं और महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का मंच पैरों से ब्रश पकड़कर रच रहीं मिसाल
लखनऊ, अमृत विचार : उन्नाव जिले की दिव्यांग शीला के आर्थिक सहयोग से नवनिर्मित अत्याधुनिक कला प्रशिक्षण केंद्र का लोकार्पण सोमवार को पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, यूपी ट्रांसफॉर्मेशन कमिशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह और मोहान विधायक ब्रजेश कुमार रावत ने किया। ग्राम पंचायत कमालपुर निवासी दिव्यांग फुट पेंटर शीला शर्मा, जो दोनों हाथ न होने के बावजूद पैरों से पेंटिंग बनाकर पहचान बना चुकी हैं।
कमालपुर में प्रशिक्षण केंद्र निर्माण में 60 प्रतिशत आर्थिक सहयोग दिव्यांग ने व्यक्तिगत रूप से दिया, जबकि शेष राशि पंचायती राज विभाग ने उपलब्ध कराई। केंद्र में चित्रकला, हस्तशिल्प, सिलाई, वस्त्र डिजाइनिंग, संगीत और नृत्य का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बच्चों को निशुल्क कला सामग्री और प्रोत्साहन भत्ता भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आर्थिक स्थिति उनकी प्रतिभा के आड़े न आए। मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि ‘उत्तर प्रदेश मातृभूमि योजना’ अब ग्रामीण विकास के साथ प्रतिभाओं को नई पहचान देने का माध्यम बन रही है।
