Moradabad News: नाबालिग ने दौड़ाई लग्जरी कार, पिता भी थे साथ में सवार, वायरल हुआ वीडियो 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए नाबालिग बच्चों को बाइक व स्कूटी चलाकर स्कूल न आने देने के डीएम के आदेश को दरकिनार करते हुए एक पिता ने पुत्र मोह में 13 वर्षीय नाबालिग बेटे के हाथ कार का स्टीयरिंग थमा दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया वीडियो वायरल हो गया।

पिता ने नाबालिग बेटे को थमाया स्टीयरिंग
सोमवार को सिविल लाइंस स्थित पीएमएस स्कूल के आसपास एक पिता ने अपने 13 वर्षीय नाबालिग बच्चे के हाथ में अपनी लग्जरी कार का स्टीयरिंग पकड़ा दिया। जिससे बच्चे की जान के साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान पर भी खतरा हो सकता था। बच्चा खुलेआम सड़क पर लग्जरी कार दौड़ाता नजर आया। इसका वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। 

वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस सक्रिय
वीडियो में बच्चा कार की स्टेयरिंग संभालते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताकर यातायात नियमों की अनदेखी करार दिया। यातायात पुलिस और परिवहन विभाग पर भी लोगों ने सवाल खड़ा किया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बैठकों में भी दिया जा चुका है निर्देश
कुछ दिन पहले जिला सड़क सुरक्षा समिति और संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठकें हुई थी। जिसमें जिलाधिकारी और मंडलायुक्त ने भी सड़क सुरक्षा को लेकर नियमों के सख्ती से पालन का निर्देश दिया था। बैठक में स्कूलों में नाबालिग छात्र छात्राओं को स्कूटी व बाइक चलाकर स्कूल न आने के लिए मना कर दिया गया था। लेकिन इसके बाद भी न तो संबंधित विभाग और न ही अभिभावक गंभीरता दिखा रहे हैं।

जानिए क्या कहते हैं अफसर
एआरटीओ प्रवर्तन आनंद निर्मल ने बताया कि स्कूलों में नाबालिग बच्चों को बाइक और स्कूटी से आने पर पाबंदी लगा दी गई है। नाबालिग के कार चलाने का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसे देखकर वाहन नंबर पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार का कहना है कि एक नाबालिग बच्चे के द्वारा कार चलाने की वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली है। इस कार नंबर पर चालानी कार्रवाई कर दी गई है। 

संबंधित समाचार