Moradabad Weather News : अगले चार दिन मिल सकती है तपिश से राहत, तेज आंधी बारिश का अनुमान
कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से मई के आखिरी दिनों में फौरी राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान कई जगहों पर तेज आंधी और छिटपुट बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। इससे लोगों को तपन से कुछ दिन के लिए निजात मिलेगी। इस बदलाव का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों पर पड़ेगा। इसमें मुरादाबाद मंडल भी शामिल है।
मुरादाबाद, अमृत विचार। कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से मई के आखिरी दिनों में फौरी राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान कई जगहों पर तेज आंधी और छिटपुट बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। इससे लोगों को तपन से कुछ दिन के लिए निजात मिलेगी। इस बदलाव का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों पर पड़ेगा। इसमें मुरादाबाद मंडल भी शामिल है।
20 जून तक सक्रि होगा मानसून
सोमवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। 45 डिग्री सेल्सियस तापमान ने लोगों को झुलसा दिया, लेकिन अब थोड़ी राहत के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस महीने के आखिरी दिनों में 28-31 मई तक कहीं तेज आंधी और धूल भरी हवा के साथ छिटपुट बारिश भी हो सकती है, जिससे भीषण गर्मी और लू के थपेड़े झेल रहे लोगों को फौरी तौर पर राहत मिल जाएगी। कहीं केवल फुहार ही पड़ सकती है। एक दो डिग्री तापमान में कमी आ सकती है। वहीं मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए अगले महीने 18-20 जून तक मानसून सक्रिय होने की बात कही जा रही है।
28 मई से आंधी-बारिश की आशंका
कलक्ट्रेट स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आपदा विशेषज्ञ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में 28 मई से आंधी तूफान के साथ वर्षा संभावित है, जिससे तेज उष्ण अर्थात लू से कुछ दिन के लिए निजात मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि दो दिन तक अभी लू चलेगी। मुरादाबाद मंडल में मुरादाबाद, बिजनौर रामपुर, अमरोहा आदि में 28-31 मई तक तेज आंधी बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। आंधी और झोकेदार हवा की गति 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।
यह हैं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि संभावित क्षेत्र
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर, संभल और बरेली व बदायूं व आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
