अमेठी में पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के आवास पर हमला
सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर बवाल
अमेठी, अमृत विचार l गायत्री प्रसाद प्रजापति के अमेठी स्थित आवास पर मंगलवार को लगभग 8 बजे दर्जन भर नकाबपोश लोगों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि विवाद की वजह सोशल मीडिया पर की गई एक अभद्र टिप्पणी बनी, जिसके बाद मामला बढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, अमेठी की सपा विधायक महाराजी प्रजापति के एक कार्यकर्ता द्वारा सोशल मीडिया पर स्थानीय सपा नेता के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इसी बात से नाराज कुछ लोग कार्यकर्ता की तलाश करते हुए आवास विकास कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नकाबपोश युवकों ने आवास पर जमकर हंगामा और उत्पात किया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।यह पूरा मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी का बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
