Rampur : सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी कार, हॉस्पिटल के अकाउंटेंट की मौत
बाजपुर-दलपतपुर-मुरादाबाद मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा
रामपुर, अमृत विचार। टांडा थाना क्षेत्र के बाजपुर-दलपतपुर-मुरादाबाद मार्ग पर एक दर्दनाक हादसे में हल्द्वानी में उजाला सिग्नस हॉस्पिटल के अकाउंटेंट जितेंद्र कुमार की मौत हो गई। वे हल्द्वानी में कंपनी की नई ब्रांच में जॉइनिंग के बाद मुरादाबाद वापिस लौट रहे थे। इसी दौरान खड़े ट्रक में कार की टक्कर हो गई। टांडा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल मोर्चरी पर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के दोस्त संजीव गुप्ता ने बताया कि जितेंद्र काशीपुर के वीर भूमि एन्क्लेव मानपुर क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहते थे। वो मुरादाबाद में कार्यरत थे। हाल ही में उनका प्रमोशन हुआ था, जिसके बाद वे हल्द्वानी में कंपनी की नई ब्रांच में जॉइनिंग लेने गए थे। वे खुद कार ड्राइविंग कर रहे थे। जॉइनिंग के बाद मुरादाबाद लौटते समय बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे टांडा थाना क्षेत्र के बाजपुर-दलपतपुर-मुरादाबाद मार्ग पर एक खड़े ट्रक में कार की टक्कर हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि जितेंद्र ने मौके पर दम तोड़ दिया। जितेंद्र अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे। उन्होंने अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनके पिता एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी हैं। जितेंद्र तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। जितेंद्र के दोस्त ने सड़क किनारे खड़े ट्रकों को हादसे का एक कारण बताया। उन्होंने कहा कि यदि सड़क पर ट्रक खड़ा नहीं होता तो शायद जितेंद्र की जान बच सकती थी। उन्होंने प्रशासन से सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। टांडा थाना प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। परिजनों को सूचना दे दी गई थी। सड़क पर वाहन खड़ा करने वाले के खिलाफ तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
