Pilibhit : लापता शिक्षक का खेत में मिला शव, हत्या की आशंका..पुलिस कर रही पड़ताल
पीलीभीत/जहानाबाद, अमृत विचार। तीन दिन से लापता चल रहे निजी स्कूल के शिक्षक का शव खेत में मिलने से हड़कंप मच गया। उसके शरीर पर धारदार हथियार की चोट के निशान थे और चेहरा भी एसिड से खराब करने की आशंका प्रतीत हो रही थी। परिवार ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस शव पोस्टमार्टम को भेज जांच कर रही है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम निजामडांडी के निवासी 40 वर्षीय महेंद्रपाल पुत्र पुत्तूलाल सेमरखेड़ा गांव के एक निजी स्कूल में शिक्षक थे। 25 मई को वह घर से पीलीभीत धान के बीज लेने के लिए जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद से वह लापता हो गया। देर शाम तक वापस न आने पर परिवार वाले चिंतित हो गए। काफी तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद बुधवार को परिवार वालों ने जहानाबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस के साथ ही परिजन अपने स्तर से भी तलाश करते रहे। गुरुवार सुबह रिछा मार्ग पर ग्राम हैदरगंज के पास लापता शिक्षक महेंद्रपाल का शव खेत में पड़ा मिला। उसके सिर, हाथ, पीछे की तरफ कमर के आसपास धारदार हथियार के निशान थे। इसके अलावा चेहरे को एसिड से खराब करने की भी आशंका जताई गई। मामला साफ तौर पर हत्या की ओर इशारा कर गया। ग्रामीणों की शव पर नजर पड़ी तो कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस और परिवार वाले मोके पर पहुंच गए। परिजन ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के चलते हड़कंप मचा रहा और मौके पर भीड़ लगी रही। इंस्पेक्टर जयशंकर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है।
