बाराबंकी : पति ने युवक पर लगाया पत्नी से फर्जी कोर्ट मैरिज कराने का आरोप, जानें पूरा मामला
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। दरियाबाद थाना क्षेत्र के बढ़ाईनपुरवा निवासी एक व्यक्ति ने गांव के ही युवक पर उसकी पत्नी से धोखाधड़ी कर फर्जी कोर्ट मैरिज कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित मुंशीलाल पुत्र मेवालाल ने पुलिस अधीक्षक को दिए पत्र में बताया कि उसका विवाह करीब नौ वर्ष पूर्व गुड़िया पुत्री गुरुचरन निवासी अगेहरा थाना सफदरगंज के साथ हुआ था।
दंपति के तीन बच्चे हैं और परिवार सामान्य रूप से रह रहा था। आरोप है कि गांव का शिवकुमार पुत्र हनोमान उसकी पत्नी को इलाज कराने के बहाने 4 मई को बाराबंकी ले गया। वहां कचहरी के बाहर एक कागज पर हस्ताक्षर करा लिए।
महिला के अशिक्षित होने और मानसिक स्थिति ठीक न रहने का फायदा उठाकर आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी कोर्ट मैरिज तैयार करा ली। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसकी पत्नी की इस विवाह में कोई सहमति नहीं थी। पीड़ित ने आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज कराया है।
