Kannauj News : सब रजिस्ट्रार को 60 हजार रिश्वत लेते विजिलेंस टीम ने दबोचा, बैनामा के नाम मांगी थी मोटी रकम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कन्नौज, अमृत विचार। कानपुर से आई विजिलेंस टीम ने सदर कन्नौज तहसील पहुंचकर सब रजिस्ट्रार को 60 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ लिया। उसके बाद उसे कोतवाली लाया गया। यहां आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। बताया गया है कि जमीन का बैनामा कराने के नाम पर मोटी रकम लेने को लेकर सब रजिस्ट्रार के खिलाफ कई शिकायतें थीं।

शुक्रवार को हुए घटनाक्रम के मुताबिक तहसील कन्नौज परिसर में स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय में 14 डिसमिल प्लॉट के बैनामे के नाम पर 60 हजार रुपये मांगे थे। बताया जा रहा है कि सब रजिस्ट्रार अश्विनी वर्मा की ओर से बैनामा के नाम पर कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला छिपट्टी निवासी प्रवीण कुमार से 01.50 लाख रुपये की घूस मांगी गई थी लेकिन बात 60 हजार रुपये में तय हो गई।

बताया गया है कि बैनामा कराने के दौरान जब प्रवीण से रुपयों की मांग हुई तो उन्होंने 60 हजार रुपये सब रजिस्ट्रार के निजी कर्मी जितेंद्र कुशवाहा उर्फ जीते निवासी बलही को दे दिए। रुपये गिनने के बाद निजी कर्मी ने वो रुपये सब रजिस्ट्रार को दिए। दोपहर करीब सवा दो बजे विजिलेंस टीम ने उन्हें कार्यालय से रिश्वत के साथ पकड़ लिया। 

सब रजिस्ट्रार को पकड़कर विजिलेंस टीम कन्नौज कोतवाली पहुंची। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद टीम सब रजिस्ट्रार व उसके निजी कर्मी जितेंद्र को लखनऊ जेल ले गई है। इस बाबत विजिलेंस के डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि जमीन का बैनामा (रजिस्ट्री) करने के लिए 60 हजार रुपये रिश्वत के साथ सब रजिस्ट्रार को पकड़ा गया है। सब रजिस्ट्रार अपने निजीकर्मी के जरिए रिश्वत वसूल करता था।

संबंधित समाचार