Bareilly News: युवा उद्यमियों को मिले सहारा, ऋण शिविर लगाकर कर्ज को बनाएं आसान-भूपेंद्र चौधरी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शनिवार को सर्किट हाउस में उद्योग विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग की सभी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक युवाओं और उद्यमियों को लाभ मिल सके।

इन योजनाओं की समीक्षा की
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्त पोषण योजना, प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि योजनाओं की जानकारी समाचार पत्रों, रेडियो, टीवी चैनलों और अन्य माध्यमों से लोगों तक पहुंचाई जाए।

ऋण शिविर आयोजित करने के निर्देश
उन्होंने बैंकों के सहयोग से विभिन्न क्षेत्रों में ऋण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। कहा कि शिविरों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को आसानी से ऋण मिल सके। मंत्री ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता पर जोर देते हुए अधिकारियों से लाभार्थियों से सीधे संवाद कर फीडबैक लेने को कहा। साथ ही ओडीओपी और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत टूलकिट वितरण समारोह आयोजित कर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से वितरण कराने के निर्देश दिए।

खाली भूखंड दूसरे उद्यमियों को करें आवंटित
बैठक में औद्योगिक आस्थानों में बंद पड़ी इकाइयों का सर्वे कराने और लंबे समय से निष्क्रिय इकाइयों के आवंटन निरस्त करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि खाली होने वाले भूखंड नए उद्यमियों को आवंटित किए जाएं, जिससे उद्योग और रोजगार को बढ़ावा मिल सके। बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान सहित बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत के उपायुक्त उद्योग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार