Bareilly News: चौपुला पुल पर 22 दिन में काम पूरा करना चुनौती, NHAI ने 20 जून की दी है डेडलाइन
बरेली, अमृत विचार। शहर के प्रमुख चौपुला पुल की मरम्मत शुरू हुए 18 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक केवल 35 फीसदी काम पूरा होने का दावा किया जा रहा है। एनएचएआई ने 12 मई से शुरू हुए कार्य को 20 जून तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब 18 दिनों में 35 फीसदी काम हुआ, तो शेष 22 दिन में 65 फीसदी काम किस रफ्तार से पूरा किया जाएगा।
जर्जर हो चुका था 800 मीटर लंबा पुल
लगभग पंद्रह साल पुराने इस 800 मीटर लंबे पुल के रखरखाव में बरती गई लापरवाही के कारण इसकी स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी थी। पुल के 30 सस्पेंशन ज्वाइंट् में तीन से चार इंच की दरारें आ गई थीं, जिससे गुजरने वाले वाहनों को खतरनाक झटके लगते थे। दुर्घटना का अंदेशा बना रहता था। शासन ने एनएचएआई बदायूं डिवीजन को 1.30 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया। जिसके बाद 12 मई से पुल को आवागमन के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया।
12 सस्पेंशन ज्वाइंट्स अब तक ठीक
वर्तमान में निर्माण एजेंसी जनरेटर और कटर मशीनों की मदद से दिन-रात काम करने का दावा कर रही है। अब तक 25 सस्पेंशन ज्वाइंट्स को उखाड़ा जा चुका है, जिनमें से 12 को दुरुस्त कर लिया गया है। दो नए सस्पेंशन ढांचे भी खड़े किए गए हैं, जिनमें कंक्रीट की ढलाई और उसकी तराई का काम अभी बाकी है। दावा है कि सात जून तक काम पूरा कर लिया जाएगा।
हर रोज लग रहा जाम, परेशान हो रहे लोग
चौपुला पुल बंद होने से बदायूं रोड से सिविल लाइंस जाने वाला ट्रैफिक मढ़ीनाथ और सुभाषनगर अंडरपास की तरफ मोड़ दिया गया है। संकरे अंडरपास से एक साथ दो बड़े वाहनों के न गुजर पाने के कारण यहां हर वक्त गाड़ियों के पहिए थमे रहते हैं। आलम यह है कि डायवर्जन के इस चक्रव्यूह में फंसकर जनता रोजाना भीषण जाम से जूझ रही है।
एनएचएआई परियोजना निदेशक उत्कर्ष शुक्ला ने बताया कि पुल के 30 में से 25 सस्पेंशन ज्वाइंट्स हटा दिये गए हैं, जिनमें से नौ को कंक्रीट कर दिया गया है। कंक्रीट सूखने में 14 दिन लगते हैं और अब तक 35 फीसदी काम हो चुका है। हर हाल में 20 जून तक आवागमन शुरू कर देंगे।
