IPL Champion 2026: चैंपियन बनने के बाद भी RCB नहीं निकालेगी विक्ट्री परेड? फ्रेंचाइजी के इस फैसले से फैंस हैरान!

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्ली/बेंगलुरु: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के महामुकाबले में गुजरात टाइटंस को एकतरफा मात देकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लगातार दूसरी बार चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद आरसीबी के प्रशंसक पूरे देश में जश्न मना रहे हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली इस खिताबी जीत के साथ ही बेंगलुरु अब आईपीएल इतिहास के उस एलीट क्लब में शामिल हो गया है, जहां लगातार दो सीजन ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है। आरसीबी से पहले यह करिश्मा सिर्फ मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स ही कर सकी थीं।

सड़कों पर नहीं दिखेगा विजय जुलूस?

इतनी बड़ी और ऐतिहासिक जीत के बाद अमूमन टीमें अपने घरेलू शहर में फैंस के साथ खुली बस में रोड शो और विक्ट्री परेड निकालती हैं। लेकिन आरसीबी के प्रशंसकों को इस बार शायद ऐसा नजारा देखने को न मिले। फ्रेंचाइजी द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, फिलहाल बेंगलुरु की सड़कों पर किसी भव्य विजय जुलूस की संभावना न के बराबर है। ताजा अपडेट के मुताबिक, खिताबी जीत के बाद टीम का 1 जून को बेंगलुरु लौटने का कोई प्लान नहीं है और पूरा दल अभी अहमदाबाद में ही रुकेगा।

फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस (12th मैन आर्मी) के लिए एक बेहद भावुक पोस्ट साझा किया है। इसमें टीम ने लिखा कि "यह एक जादुई रात और कभी न भूलने वाला पल है। आरसीबी परिवार के हर फैन को इस जीत की बधाई। हम चाहते हैं कि इस ऐतिहासिक पल का जश्न पूरे जोश लेकिन पूरी जिम्मेदारी के साथ मनाया जाए। इस सुनहरे पल को अपने परिवार और करीबियों के साथ घर पर रहकर सुरक्षित तरीके से एन्जॉय करें। अब अगले साल सीधे स्टेडियम में मुलाकात होगी।"

क्या पुरानी घटना के डर से लिया गया यह फैसला?

क्रिकेट गलियारों में यह चर्चा तेज है कि फ्रेंचाइजी ने सुरक्षा कारणों और पिछले साल हुए एक अप्रिय घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए किसी भी बड़े सार्वजनिक आयोजन या रोड शो से दूरी बनाने का फैसला किया है। टीम मैनेजमेंट चाहता है कि फैंस किसी भी तरह के बड़े हुजूम का हिस्सा बनने के बजाय घरों में रहकर ही सुरक्षित तरीके से इस जीत को सेलिब्रेट करें।

फाइनल के बाद बाल-बाल बची गुजरात टाइटंस की टीम

एक तरफ जहां आरसीबी जीत के जश्न में डूबी थी, वहीं उपविजेता रही गुजरात टाइटंस की टीम फाइनल हारने के बाद एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। मैच खत्म होने के बाद जब टीम बस से होटल लौट रही थी, तभी अचानक बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते बस के भीतर काला धुआं भरने लगा, जिससे खिलाड़ियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, टीम मैनेजमेंट और सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी से तुरंत सभी खिलाड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ देर सड़क पर इंतजार करने के बाद खिलाड़ियों को दूसरी बस से सुरक्षित होटल पहुंचाया गया।

 

संबंधित समाचार