लेखपाल भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले पर प्रयागराज में सियासत तेज, छात्रों से मिले सांसद संजय सिंह

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की लेखपाल भर्ती परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले को लेकर प्रयागराज में छात्र आंदोलन और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह सोमवार को प्रयागराज पहुंचे और प्रतियोगी छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संजय सिंह ने प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अधिवक्ता के.के. राय भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उस समय विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई जब प्रशासनिक अधिकारियों ने सर्किट हाउस परिसर में आयोजित संवाद कार्यक्रम को लेकर आपत्ति जताई। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा और पुलिस अधिकारियों के साथ सांसद संजय सिंह की तीखी बहस भी हुई। हालांकि बाद में छात्रों और प्रतिनिधिमंडल के बीच संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में संजय सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाया। 

उन्होंने कहा कि कथित पेपर लीक प्रकरण को लेकर छात्रों के साथ आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसे प्रदेशव्यापी स्वरूप दिया जाएगा। संजय सिंह ने प्रयागराज में कुछ कोचिंग संस्थानों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार को मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। 

उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों और अन्य राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। कांग्रेस के पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह और अधिवक्ता के.के. राय ने भी छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही।

उधर, सर्किट हाउस परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं लेखपाल भर्ती परीक्षा के कथित पेपर लीक प्रकरण की जांच और उससे जुड़े तथ्यों को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चा जारी है।  

संबंधित समाचार