पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी रोकी जाए : मंत्री मनोज पांडेय बोले- पेट्रोलियम अधिकारी हर हाल में रोकें अनियमितता
लखनऊ, अमृत विचार। खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने पेट्रोलियम कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों, खाद्य एवं रसद विभाग के प्रमुख सचिव तथा विभागीय अधिकारियों के साथ बापू भवन कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक कर प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता, पारदर्शी वितरण व्यवस्था एवं उपभोक्ता हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री ने विशेष रूप से नेपाल एवं बिहार की सीमाओं से जुड़े जनपदों में पेट्रोल और डीजल की जमाखोरी तथा कालाबाजारी की प्राप्त शिकायतों पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अधिक लाभ कमाने के उद्देश्य से तेल को अन्य राज्यों अथवा सीमावर्ती क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचे जाने की शिकायतें सामने आई हैं, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।
मंत्री ने पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों एवं जिला पूर्ति अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों की तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने कंपनियों को पीएनजी नेटवर्क के तेजी से विस्तार तथा अधिक से अधिक घरों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
