Moradabad News: बारिश के बाद मौसम हुआ साफ, चटख धूप में गर्मी से परेशान हुए लोग
मुरादाबाद, अमृत विचार। पिछले कई दिनों से मौसम अजब रंग दिखा रहा है। दिन भर तेज धूप तो शाम या रात में भीषण आंधी बारिश से जनजीवन बेपटरी हो रहा है। शुक्रवार से रविवार तक शाम या रात में आई आंधी-बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन जलभराव व बिजली व्यवस्था ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। हालांकि सोमवार को सुबह से मौसम साफ रहा। दोपहर में तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहे।
रविवार शाम आई आंधी बारिश से जलभराव और फाल्ट से बेतरतीब हुई व्यवस्था सोमवार को भी पूरी तरह पटरी पर नहीं आ पाई। कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। वहीं लाइनपार, आशियाना, बुध बाजार आदि में बाारिश में हुए जलभराव से सड़कों पर पसरा कीचड़ और गंदगी की सफाई में नगर निगम की टीम सोमवार को दिन भर जुटी रहीं। वहीं बिजली विभाग फाल्ट को दूर करने में लगा रहा। दोपहर में तेज धूप के चलते नमी सूखने पर फिर उमस बढ़ गई। पंखा और कूलर चलने के बाद भी लोग पसीना-पसीना होते रहे।
हालांकि तीन दिनों से आ रही आंधी बारिश के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आर्द्रता 76 प्रतिशत रही। मौसम विभाग ने दो जून के बाद मौसम कुछ दिनों तक सामान्य रहने का अनुमान जताया है। हालांकि बीच बीच में हल्की बारिश भी हो सकती है। इसके बाद तापमान फिर चढ़ेगा। हालांकि दिन और रात के तापमान में आठ से दस डिग्री सेल्सियस का अंतर रहने से रात में गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सात जून तक का अनुमानित तापमान
तारीख अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
दो जून 34 डिग्री सेल्सियस 23 डिग्री सेल्सियस
तीन जून 35 डिग्री सेल्सियस 24 डिग्री सेल्सियस
चार जून 37 डिग्री सेल्सियस 25 डिग्री सेल्सियस
पांच जून 38 डिग्री सेल्सियस 25 डिग्री सेल्सियस
छह जून 38 डिग्री सेल्सियस 25 डिग्री सेल्सियस
सात जून 38 डिग्री सेल्सियस 25 डिग्री सेल्सियस
