संघर्ष, स्टारडम और सफलता की मिसाल मिथुन चक्रवर्ती
भारतीय सिनेमा के इतिहास में कुछ कलाकार ऐसे हुए हैं, जिन्होंने बिना किसी फिल्मी विरासत या मजबूत सहारे के अपने दम पर सफलता की नई इबारत लिखी। मिथुन चक्रवर्ती उन्हीं चुनिंदा कलाकारों में से एक हैं। कोलकाता की साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर बॉलीवुड के सुपरस्टार बनने तक का उनका सफर संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास की अनोखी कहानी है। अभिनय, नृत्य और अपनी विशिष्ट शैली से उन्होंने करोड़ों दर्शकों के दिलों में जगह बनाई। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता से लेकर सफल कारोबारी तक, मिथुन की जिंदगी के कई ऐसे पहलू हैं जो उन्हें अन्य सितारों से अलग बनाते हैं।
गौरांग से मिथुन चक्रवर्ती बनने तक
16 जून 1950 को कोलकाता में जन्मे मिथुन चक्रवर्ती का वास्तविक नाम गौरांग चक्रवर्ती है। हालांकि फिल्मों में उन्होंने इसी नाम से पहचान नहीं बनाई। बॉलीवुड में उनका कोई फिल्मी बैकग्राउंड नहीं था और न ही कोई गॉडफादर, लेकिन प्रतिभा और अथक मेहनत के बल पर उन्होंने अपनी अलग पहचान स्थापित की। आज वे हिंदी सिनेमा के सबसे सफल और लोकप्रिय अभिनेताओं में गिने जाते हैं।
राष्ट्रीय पुरस्कार से हुई करियर की शुरुआत
मिथुन ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत वर्ष 1976 में आई फिल्म 'मृगया' से की थी। पहली ही फिल्म में उनके प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों और समीक्षकों का ध्यान आकर्षित किया। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार कई सफल फिल्मों में अभिनय कर अपनी मजबूत पहचान बनाई।
श्रीदेवी के साथ रिश्ते ने बटोरी सुर्खियां
सफलता के साथ मिथुन का नाम कई अभिनेत्रियों के साथ जोड़ा गया, जिनमें रंजीता, योगिता बाली और सारिका प्रमुख थीं। हालांकि अभिनेत्री श्रीदेवी के साथ उनके संबंधों की चर्चा सबसे अधिक रही। वर्ष 1984 में रिलीज हुई फिल्म 'जाग उठा इंसान' के दौरान दोनों के बीच नजदीकियों की खबरें सामने आने लगी थीं। बाद में एक इंटरव्यू में मिथुन ने स्वीकार किया था कि उन्होंने श्रीदेवी से गुप्त रूप से विवाह किया था। यह रिश्ता लंबे समय तक फिल्मी गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा।
सफल कारोबारी भी
मिथुन चक्रवर्ती केवल अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक सफल व्यवसायी भी हैं। मुंबई के अलावा ऊटी, मसिनागुड़ी और मैसूर में उनके होटल और रिसॉर्ट्स हैं, जो पर्यटन के क्षेत्र में काफी लोकप्रिय माने जाते हैं। उनके प्रतिष्ठानों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कमरे, लक्जरी सुइट्स, स्विमिंग पूल, फिटनेस सेंटर, मल्टीकुजीन रेस्त्रां, बच्चों के लिए मनोरंजन क्षेत्र और विभिन्न एडवेंचर गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध हैं। पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में भी उन्होंने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
350 से अधिक फिल्मों में निभाए यादगार किरदार
अपने लंबे करियर में मिथुन चक्रवर्ती 350 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं। 'डिस्को डांसर', 'प्यार झुकता नहीं', 'बॉक्सर', 'जाल', 'अविनाश', 'घर एक मंदिर', 'वतन के रखवाले', 'स्वर्ग से सुंदर' और 'कसम पैदा करने वाले की' जैसी फिल्मों ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बनाया। खासकर 'डिस्को डांसर' ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई और वे युवाओं के बीच डांस आइकन बन गए।
