Bareilly News: मुर्गा लड़ाकर हार-जीत की लगा रहे थे बाजी, पुलिस ने गिरफ्तार किए 6 जुआरी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए कई जुआरी, छापा मारकर पुलिस ने की कार्रवाई

बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सेदपुर एयरोला में मुर्गों की लड़ाई को लेकर चल रहा हार-जीत का खेल उस समय थम गया, जब पुलिस ने अचानक छापा मार दिया। मुर्गों की फड़फड़ाहट और बाजी लगाने वालों की आवाजों के बीच पहुंची पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुछ आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

जुए की रकम की बरामद
पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में मुर्गों को आपस में लड़वाकर उनकी जीत-हार पर रुपये लगाए जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने छह लोगों को मौके से पकड़ लिया और उनके कब्जे से 2,910 रुपये नकद तथा लड़ाई में इस्तेमाल किए जा रहे सात मुर्गे बरामद किए।

पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मकसूद खां, अत्तर खां, साजिद, पप्पू, ओमपाल और मुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोग अंधेरे और भगदड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। भोजीपुरा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

हार-जीत की बाजी में झोंके जा रहे थे रुपये
ग्रामीण क्षेत्र में मुर्गों की लड़ाई केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं थी। पुलिस के अनुसार मुर्गों की जीत और हार पर नकद रकम लगाई जा रही थी। यही कारण है कि मामले में जुआ और पशु क्रूरता दोनों पहलुओं को गंभीरता से लिया गया है। छापेमारी के दौरान बरामद सात मुर्गों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। इन्हीं मुर्गों को लड़वाकर बाजियां लगाई जा रही थीं। 

संबंधित समाचार