Bareilly News: साथी की गिरफ्तार के बाद लेखपाल लामबंद, तहसील में शुरू किया धरना, आंदोलन की चेतावनी
बरेली, अमृत विचार। रिश्वत लेखपाल की गिरफ्तारी के बाद अब तमाम लेखपालों ने एंटी करप्शन टीम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बुधवार को तहसील परिसर में लेखपालों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। लेखपालों ने प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। चकबंदी लेखपाल संघ और राजस्व लेखपाल संघ के बैनर तले प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की गई।
5 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार
बता दें कि भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व लेखपाल को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराकर जांच शुरू करा दी गई है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के करमपुर चौधरी निवासी बली मोहम्मद ने एंटी करप्शन बरेली से शिकायत की थी कि उसकी 171 वर्ग गज जमीन के दाखिल-खारिज के एवज में आरोपी लेखपाल विपिन पटेल 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद संगठन की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। बताया गया है कि मंगलवार शाम 5 बजे तहसील सदर के कक्ष में जैसे ही आरोपी लेखपाल ने 5 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया।
तहसील में मचा हड़कंप
कार्रवाई का नेतृत्व एंटी करप्शन के इंस्पेक्टर प्रवीण सान्याल ने किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोतवाली ले जाया गया। गिरफ्तार लेखपाल विपिन पटेल ग्राम औड़ाझार थाना बिलसंडा जनपद पीलीभीत का निवासी है और वर्तमान में सनराइज कॉलोनी बरेली में निवास कर रहा है। महेशपुर शिव सिंह क्षेत्र में उसकी राजस्व लेखपाल के पद पर पोस्टिंग है। लेखपाल की गिरफ्तारी से तहसील में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
लेखपालों ने कोतवाली घेरी
लेखपाल विपिन पटेल की गिरफ्तारी को गलत बताते हुए विरोध में दर्जनों लेखपाल कोतवाली पहुंच गए। पत्नी ने आरोप लगाए कि मंगलवार को उनके पति तहसील कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे। तभी एंटी करप्शन टीम कार्यालय में घुसी और पति के साथ मारपीट की। आरोप है कि टीम उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हुए पकड़कर ले गई। विशेषता ने एंटी करप्शन टीम पर जान से मारने की धमकी, आपराधिक षड्यंत्र और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
लेखपाल की पत्नी ने दी तहरीर
साथी की गिरफ्तारी के विरोध में सदर तहसील के सभी लेखपाल लामबंद हो गए हैं। लेखपालों का आरोप है कि विपिन पटेल को साजिश के तहत फंसाया गया है। एंटी करप्शन टीम विपिन को लेकर कोतवाली पहुंची तो लेखपालों ने थाने का घेराव कर दिया। एंटी करप्शन की गाड़ी गाड़ी रोकने की कोशिश की, जिसे लेकर पुलिस से नोंकझोंक होती नजर आई। लेखपालों ने मामले में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। गिरफ्तार विपिन की पत्नी विशेषता गंगवार ने कार्रवाई का विरोध करते हुए तहरीर दी है।
