UP News: यूपीटेट परीक्षा की अवधि 3 घंटे करें, शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटेट) की प्रस्तावित परीक्षा अवधि 2 घंटे 30 मिनट से बढ़ाकर 3 घंटे किए जाने की मांग को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ रामपुर जिला इकाई ने शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन की प्रति मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को भी प्रेषित की गई है।

ज्ञापन में बताया कि यूपीटेट में 150 प्रश्न पूछे जाते हैं, जिनमें अनेक प्रश्न लंबे एवं विश्लेषणात्मक प्रकृति के होते हैं। वर्तमान में प्रति प्रश्न औसतन लगभग एक मिनट का समय ही मिल पाता है, जो परीक्षा की प्रकृति के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। इसके अलावा परीक्षा के दौरान उपस्थिति सत्यापन, हस्ताक्षर, पहचान पत्र जांच तथा अन्य औपचारिकताओं में भी समय व्यय होता है। शिक्षक संघ का कहना है कि कार्यरत शिक्षकों को विद्यालयी दायित्वों, शासकीय कार्यों एवं पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच परीक्षा की तैयारी करनी पड़ती है। ऐसे में प्रश्न पत्र हल करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है, ताकि उनकी वास्तविक योग्यता का सही आंकलन हो सके।

तमिलनाडु सहित कई राज्यों में शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए 3 घंटे निर्धारित है इसलिए प्रदेश में भी अभ्यर्थियों के हित में परीक्षा अवधि बढ़ाकर 3 घंटे की जाए। ज्ञापन पर जिला अध्यक्ष कैलाश बाबू पटेल एवं जिला मंत्री आनन्द प्रकाश गुप्ता के साथ छत्रपाल सिंह यादव, आनंद सिंह भंडारी, हिमदीप सिंह, तहसील आलम खान, गोहर अली, संतोष प्रसाद, सतीश गिरोह, महेंद्र प्रताप सिंह, राकेश विश्वकर्मा, उमेश यादव, देवेंद्र सिंह, मोहम्मद खालिद खान, जफर बेग, दिलशाद वारसी, मनोज कुमार सागर तथा मोहित यादव सहित अनेक शिक्षकों के हस्ताक्षर हैं।

 

संबंधित समाचार