Eid al-Adha : कानपुर में गंगा जमुनी तहजीब के साथ मनाया गया बकरीद का त्योहार, अलर्ट मोड पर रहे सुरक्षाकर्मी
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में ईद उल अजहा (बकरीद) का त्योहार गुरुवार को कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच आपसी भाईचारे, मेल-मिलाप और गंगा-जमुनी तहजीब की परंपरा के साथ मनाया गया। बकरीद की मुख्य नमाज मरकज़ी ईदगाह बेनाझाबर में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल एवं जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम, केस्को, जल निगम समेत समस्त संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा पर्व शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बकरीद के मौके पर चमनगंज, बादशाही नाका, परेड, बेकनगंज, मूलगंज, बाबूपुरवा, बगाही और जाजमऊ समेत मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र गुलजार रहे। लोगों ने कुर्बानी देकर एक दूसरे को बकरीद की बधाई दी और गरीब मजलूमो का जकात बांटी। इस पावन मौके पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म खासे व्यस्त रहे जहां मुबारकबाद के आदान प्रदान का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।
इस अवसर पर जिले में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के लिये व्यापक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी और पहले से सभी पक्षों के साथ संवाद स्थापित कर शासन के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया था। जिला पुलिस एवं ट्रैफिक पुलिस दिनभर अलर्ट मोड में तैनात रहेगी तथा किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अन्य प्रशासनिक विभागों के साथ समन्वय बनाकर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जा रहा है।
