सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने वाला युवक गिरफ्तार, मेरठ पुलिस ने मामला संज्ञान में लेकर आरोपी को भेजा जेल
मेरठ। यूपी के मेरठ जिले के ब्रह्मपुरी इलाके में धार्मिक भावनाओं को आहत करने और सामाजिक सौहार्द भड़काने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में युवक पर मेरठ पुलिस ने बड़ी कार्यवाई की है। मेरठ जिले में पुलिस ने सोशल मीडिया पर कथित रूप से धार्मिक भावनाओं को आहत करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की आशंका वाली वीडियो अपलोड करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
ब्रह्मपुरी पुलिस ने आरोपी को दबोचा
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार दो जून को सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो संज्ञान में आया था, जिसमें एक युवक हाथ में छुरी लेकर घूमता दिखाई दे रहा था और वीडियो की टैगलाइन तथा ऑडियो में कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ शब्दों का प्रयोग किया गया था।
सोशल मीडिया पर फैला रहा था नफरत
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्रह्मपुरी थाने की पुलिस ने तकनीकी जांच और स्थानीय स्तर पर पड़ताल की जिसमें वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान अमन (25) के रूप में हुई, जो ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के हरिनगर इलाके का निवासी है।
भड़काऊ पोस्ट डालने के आरोप में युवक पर केस दर्ज
सूत्रों के मुताबिक इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया और उसे मंगलवार रात भूमिया पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
कब्जे से छुरी बरामद
बताया कि पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक छुरी भी बरामद की है। और आरोपी के खिलाफ आपराधिक मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। मेरठ पुलिस इस मामले में जांच कर रही है कि आख़िरकार वीडियो को किस लिए और कहा से अपलोड किया गया है इस मामले में अधिकारियों ने बताया कि यूपी में इस प्रकार का कोई भी धार्मिक और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने वालो पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
