कंबोडिया में UPI की शुरुआत, NPCI ने एक्लेडा बैंक के साथ मिलकर शुरू की सेवा, मर्चेंट्स पर भारतीय कर सकेंगे सीधे पेमेंट
दिल्ली। एनपीसीआई इंटरनेशलन पेमेंट्स लि. (एनआईपीएल) ने एक्लेडा बैंक के साथ साझेदारी में कंबोडिया में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) भुगतान सुविधा की शुरुआत की है। यह सुविधा कंबोडिया की राष्ट्रीय 'क्यूआर' कोड प्रणाली 'केएचक्यूआर' के माध्यम से उपलब्ध होगी। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार नेशनल पेमेंट कार्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की अंतरराष्ट्रीय शाखा की इस पहल का शुभारंभ कंबोडिया की राजधानी नामपेन्ह में आयोजित एक औपचारिक समारोह में किया गया।
सीमा पार भारतीय पेमेंट की शुरुआत
कार्यक्रम में नेशलन बैंक ऑफ कंबोडिया (एनबीसी) के गवर्नर डॉ चिया सेरी तथा भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यह समारोह भारत और कंबोडिया के बीच सीमा-पार क्यूर भुगतान कनेक्टिविटी के पहले चरण की आधिकारिक शुरुआत का प्रतीक था। अब भारतीय यात्री कंबोडिया की मानक एवं इंटरऑपरेबल क्यूआर कोड प्रणाली बैकॉंग केएचक्यूआर को स्कैन करके वहां 45 लाख से अधिक व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सुरक्षित और सहज डिजिटल भुगतान कर सकेंगे। यह सुविधा पर्यटन स्थलों, रेस्तरां, खुदरा दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपलब्ध होगी।
कंबोडिया जाने वाले भारतीय को मिलेगी सुविधा
भुगतान भारतीय यूपीआई-सक्षम मोबाइल ऐप्स के माध्यम से किया जा सकेगा। अगले चरण में, कंबोडिया के नागरिक भी भारत में लाखों यूपीआईक्यूआर-सक्षम व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर अपने कंबोडियाई बैंकिंग/भुगतान ऐप्स का उपयोग करके भुगतान कर सकेंगे। इससे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय और इंटरऑपरेबल डिजिटल भुगतान गलियारा स्थापित होगा।
भारत की डिजिटल भुगतान को वैश्विक स्तर तक पहुंचाना- NPCI International प्रबंध निदेशक
एनपीसीआई इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऋतेष शुल्का ने कहा, " एननीसीआई इंटरनेशनल का उद्देश्य विश्वसनीय साझेदारियों के माध्यम से भारत की डिजिटल भुगतान नवाचारों को वैश्विक स्तर तक पहुंचाना है। कंबोडिया में यूपीआई स्वीकार्यता की शुरुआत इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे भारतीय यात्रियों को विदेश में भी परिचित, सुरक्षित और सहज भुगतान अनुभव मिलेगा, जबकि कंबोडियाई व्यापारियों को लाखों डिजिटल उपभोक्ताओं तक पहुंच प्राप्त होगी। यह सहयोग दोनों देशों की भुगतान प्रणालियों के बीच रीयल-टाइम कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और पर्यटन एवं व्यापारिक संबंधों को और गहरा बनाएगा।"
एक्लेडा बैंक के अध्यक्ष एवं समूह प्रबंध निदेशक डॉ इन चान्नी ने कहा, "एक्लाडा बैंक को इस सीमा-पार इंटरऑपरेबिलिटी पहल के पहले चरण की शुरुआत पर गर्व है। इसके माध्यम से भारतीय यात्री हमारे विस्तृत केएचक्यूआर व्यापारी नेटवर्क पर यूपीआई-सक्षम ऐप्स के जरिए सुरक्षित डिजिटल लेनदेन कर सकेंगे। यह साझेदारी हमारी डिजिटल परिवर्तन यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
