Delhi Restaurant Fire : मालवीय नगर के रेस्तरां में लगी आग, 21 की मौत, हादसे पर प्रधानमंत्री ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को मिलेगी आर्थिक सहायता

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्तरां में बुधवार को भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली दमकल सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि 'लेमन ग्रीन रेस्तरां' के बेसमेंट से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। 

सुबह करीब 8:50 बजे लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। घायलों को उपचार के लिए एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया है। उनकी स्थिति के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। 

मालवीय नगर आग हादसे पर प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजधानी के मालवीय नगर में बुधवार सुबह एक होटल में आग लगने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और इस हादसे में मारे गये लोगों के परिजनों एवं घायलों के लिये सहायता राशि की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा, "दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना में लोगों की जान जाना एक दुखद घटना है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।" 

सहायता राशि की घोषणा

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो - दाे लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। गौरतलब है कि दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर में इलाके में बुधवार सुबह लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और 27 लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

कई विदेशी नागरिकों को बचाया 

बुधवार सुबह राजधानी के मालवीय नगर इलाके में एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जिसमें अधिकतर अफ्रीकी मूल के नागरिक थे। दमकल कर्मियों, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से 27 लोगों को सुरक्षित बचाकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

लेमन ग्रीन रेस्तरां में लगी भीषण आग 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लेमन ग्रीन रेस्तरां को केवल छह कमरों के निर्माण की अनुमति थी लेकिन वहां 25 कमरे थे। इस कथित अनियमितता ने नियामकीय निगरानी और अनुमति प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इमारत का बेसमेंट बाहर से बंद था। बचाव दल ने ताला तोड़कर भीतर फंसे लोगों को बाहर निकाला। जान बचाने के लिए कई लोगों ने खिड़कियों से छलांग भी लगाई। 

दमकल विभाग को मिली सूचना 

यह घटना साकेत पुलिस थाना क्षेत्राधिकार में आता है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्तरां में आग लगने की सूचना सुबह लगभग नौ बजे मिली। शुरुआती चरण में सात दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, जबकि बाद में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के लिए 10 अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भेजी गईं। 

स्थानीय लोगों की मदद से लोगों का किया गया रेस्क्यू 

दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह पौने दस बजे तक बेसमेंट से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इसके बाद सुबह लगभग 11:20 बजे सूचना मिली कि दमकल कर्मियों, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से 25 अन्य लोगों को भी बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया है। दो और लोगों को दोपहर तक निकाल लिया गया, जिससे बचाए गए लोगों की कुल संख्या 27 तक पहुंच गयी है।

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने घटना को बताया दुखद 

स्थानीय पुलिस और अन्य आपातकालीन एजेंसियों की टीमों को भी राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और घटनास्थल तक पहुंच सीमित कर दी गई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना को दुखद बताते हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर में एक होटल में लगी भीषण आग में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बुधवार को कहा कि दिल्ली सरकार इस संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक 'बेड एंड ब्रेकफास्ट' (बी एंड बी) होटल में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई। 

मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, "मालवीय नगर में आग लगने की विनाशकारी घटना में जन हानि से मुझे गहरा दुख हुआ है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और इस दिल दहला देने वाली त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को शक्ति और साहस मिलने की प्रार्थना करती हूं।" 

 प्रभावित परिवारों को चिकित्सा सहायता तथा हर संभव सहयोग 

उन्होंने राहत और बचाव कार्यों के बारे बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कैट्स एम्बुलेंस सेवाओं और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की टीमों को तुरंत काम पर लगा दिया गया था।

एजेंसियों की इस त्वरित कार्रवाई से प्रभावित परिसर से कई लोगों को निकालने और राहत पहुंचाने में मदद मिली। गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखे हुए है और प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता तथा हर संभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ दृढ़ता से खड़ी है।

दिल्ली सरकार अग्निकांड के पीड़ित परिवारों को मुआवजा दे: खरगे 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली के मालवीय नगर में एक रेस्तरां में आग लगने के कारण 21 लोगों की मौत पर बुधवार को दुख जताया और कहा कि दिल्ली सरकार को घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने के साथ पीड़ित परिवारों को मुआवजा देना चाहिए। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्तरां में बुधवार को भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। 

खरगे ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की दुखद घटना से बेहद दुखी हूं। उन परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करता हूं।" उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार और प्रशासन को पीड़ितों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने के साथ समय पर मुआवजा प्रदान करना चाहिए। उन्होंने कहा, "मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे इस कठिन समय में पीड़ितों को हर संभव सहयोग दें।

दिल्ली के राज्यपाल ने जनहानि पर जताया दुःख 

दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने मालवीय नगर के एक होटल में आग लगने की घटना में जनहानि पर बुधवार को दुख जताया। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक 'बेड एंड ब्रेकफास्ट' (बी एंड बी) होटल में भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में मुख्य रूप से मध्य एशिया और अफ्रीका के कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। संधू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''हौज रानी, मालवीय नगर स्थित एक होटल में भीषण आग लगने की घटना को लेकर मैं बहुत दुखी हूं। मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

गोद में बच्चा लिए महिला ने तीसरी मंजिल से लगा दी छलांग 

दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में एक इमारत में लगी भीषण आग के दौरान जान बचाने के लिए अपनी गोद में बच्चे को लेकर एक महिला ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने यह जानकारी दी। इस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। भीड़भाड़ वाले हौज रानी इलाके में स्थित 'फ्लोरिश स्टे' बेड-एंड-ब्रेकफास्ट (बी एंड बी) होटल में बुधवार सुबह आग लग गई, जिससे वहां फंसे कई लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। जैसे-जैसे घना धुआं पूरी इमारत में फैलने लगा और आग तेजी से फैलती गई, कई लोग खिड़कियों के शीशे तोड़कर मदद के लिए गुहार लगाते दिखाई दिए। 

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, ''एक महिला अपनी गोद में छोटे बच्चे को लेकर तीसरी मंजिल से कूद गई। उससे पहले स्थानीय लोगों ने इमारत में फंसे लोगों को बचाने के लिए नीचे जमीन पर गद्दे बिछा दिए थे।'' प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला बच्चे के साथ एक गद्दे पर गिरी और उसे कुछ चोटें आई होंगी। इसके तुरंत बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। 

उन्होंने बताया, ''महिला बच्चे को कसकर पकड़े हुए थी और जब बाहर निकलने का कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा, तब उसने छलांग लगा दी। लोगों ने पहले ही इमारत के नीचे गद्दे बिछा दिए थे। मां और बच्चा दोनों बच गए, लेकिन ऐसा लगा रहा था कि महिला को चोटें आई हैं।'' स्थानीय निवासियों ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं के पहुंचने से पहले ही इलाके के लोग बचाव कार्य में जुट गए थे। 

गद्दों की दुकानों के मालिकों और अन्य लोगों ने इमारत के नीचे सड़क पर गद्दे बिछा दिए थे। अधिकारियों के अनुसार, इस अग्निकांड में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोगों को निकाला लिया गया। मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि कई घायलों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है। 

ये भी पढ़ें  : 
यूपी में फिर सताने लगी तेज धुप, 42 डिग्री के साथ फतेहगढ़ सबसे गर्म स्थान; जानें कब मिलेगी राहत

संबंधित समाचार