CBI गिरफ्तारी : ट्विशा प्रकरण में सीबीआई ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मृत्यु प्रकरण में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को ट्विशा की सास एवं सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सीबीआई की टीम सुबह लगभग साढ़े दस बजे गिरिबाला सिंह के निवास पहुंची और करीब सात घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद शाम लगभग पांच बजे उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मेनिट) परिसर ले गई, जहां एजेंसी ने अस्थायी कैंप कार्यालय बनाया हुआ है।

सूत्रों के अनुसार गिरिबाला सिंह को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड मांगी जाएगी। सीबीआई ने न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तारी की सूचना भी दे दी है। उन पर साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए गए हैं। इससे पहले मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने बुधवार को गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। न्यायालय ने 17 पृष्ठीय आदेश में कहा था कि मामले की गंभीरता, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच की वर्तमान स्थिति को देखते हुए राहत दिया जाना उचित नहीं है। सीबीआई ने जांच के दौरान घटनास्थल का तकनीकी परीक्षण भी किया है। एजेंसी ने उच्च क्षमता वाले त्रिआयामी कैमरे से पूरे परिसर की रिकॉर्डिंग कराई और आसपास के क्षेत्र का भी परीक्षण किया, ताकि घटनास्थल की दृश्य स्थिति का आकलन किया जा सके। उल्लेखनीय है कि ट्विशा शर्मा की 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह पहले से ही सीबीआई रिमांड पर हैं।

संबंधित समाचार