जांच एजेंसियां : सफलता, चुनौतियां और सावधानी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जांच एजेंसियों को कई गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। आधुनिक वित्तीय अपराध अब अत्यंत जटिल, बहु-राज्यीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हो गए हैं।

cats
विवेक शुक्ला,
पूर्व प्रधान सूचना अधिकारी,
यूएई एंबेसी

 

ये सच है कि भारत की तेजी से बदलती आर्थिक और शैक्षणिक व्यवस्था में सरकारी जांच एजेंसियां कानून के शासन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर विभाग जैसी संस्थाएं वित्तीय अपराधों, मनी लॉन्ड्रिंग, कर चोरी, फ्रॉड और भ्रष्टाचार के खिलाफ निरंतर संघर्ष कर रही हैं। इनकी मेहनत, समर्पण और कई बड़ी सफलताओं की सराहना अवश्य की जानी चाहिए।

इन एजेंसियों को कई गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। आधुनिक वित्तीय अपराध अब अत्यंत जटिल, बहु-राज्यीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हो गए हैं। मनी लॉन्ड्रिंग के नेटवर्क अक्सर शेल कंपनियों, क्रिप्टोकरेंसी और विदेशी बैंकों के माध्यम से चलते हैं, जिनका पता लगाना बेहद कठिन होता है। एजेंसियों के पास संसाधनों की कमी, तकनीकी बुनियाद की सीमाएं और विशाल डेटा की छानबीन का बोझ भी है। इसके अलावा, राजनीतिक दबाव, मीडिया की तीखी नजर और समयबद्ध परिणाम देने की अपेक्षा उन्हें लगातार दबाव में रखती है। इन चुनौतियों के बावजूद उन्हें अपनी कार्रवाइयों में निष्पक्षता, प्रक्रियागत न्याय और सावधानी बनाए रखनी चाहिए। इनका कामकाज कमोबेश निष्पक्ष रहता भी है।

अच्छी नीयत के बावजूद, अधूरी जांच के आधार पर जारी की गई प्रेस रिलीज या तीखे सार्वजनिक बयान कभी-कभी निर्दोष संस्थानों, व्यवसायों और शिक्षा केंद्रों की साख को स्थायी रूप से नुकसान पहुंचा सकते हैं। सालों की मेहनत और विश्वास एक रात में धूल-धूसरित हो सकता है। इस संदर्भ में एक कोचिंग संस्थान का मामला उल्लेखनीय है। 1992 में स्थापित यह प्रतिष्ठित संस्थान पिछले 33 वर्षों से लाखों छात्रों को IIT-JEE की तैयारी करा रहा है और देश के कोचिंग उद्योग में अपनी मजबूत पहचान रखता है।

बीती 26 अप्रैल को प्रवर्तन निदेशालय ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक विस्तृत प्रेस रिलीज जारी की, जिसमें संस्थान पर बड़े पैमाने पर फ्रॉड का आरोप लगाया गया और 206 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने का दावा किया गया। ED ने कहा कि संस्थान छात्रों को उचित सेवाएं नहीं दे रहा था और व्यवस्थित तरीके से धन का गबन कर रहा था। इस खबर का प्रभाव तुरंत और विनाशकारी रहा। लाखों छात्रों और अभिभावकों में हड़कंप मच गया। जो संस्थान सफलता और विश्वास का पर्याय माना जाता था, उसकी छवि एक झटके में प्रभावित हो गई।

वरिष्ठ अधिवक्ता मलक भट्ट ने सही कहा कि सरकार की एजेंसियों को ऐसे बयान जारी करने से पहले पर्याप्त एहतियात बरतनी चाहिए, क्योंकि एक संगठन की साख को अपूरणीय क्षति पहुंच सकती है। पीड़ित पक्ष ने दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया। उसका तर्क था कि प्रेस रिलीज मात्र प्रारंभिक विश्लेषण पर आधारित थी और शो-कॉज नोटिस तक जारी नहीं किया गया था, जो प्रक्रिया का उल्लंघन है।

न्यायमूर्ति पुरुषेंद्र कुमार कौरव की पीठ के समक्ष प्रवर्तन निदेशालय ने सात दिनों में प्रेस रिलीज हटाने का आश्वासन दिया। उच्च न्यायालय ने छह मई को याचिका का निस्तारण कर दिया। इससे पहले 18 मार्च को कोर्ट ने जांच एजेंसी की प्रेस रिलीज में ‘जजमेंटल एस्परसन्स’ पर कड़ी टिप्पणी की थी और 2010 के गृह मंत्रालय के मेमोरेंडम का हवाला दिया, जिसमें जांच एजेंसियों को चल रही जांच के दौरान मीडिया में राय प्रकट करने या जजमेंटल भाषा का उपयोग करने से साफ मना किया गया है। दुर्भाग्य से, तब तक काफी नुकसान हो चुका था। कई फ्रैंचाइजी पार्टनर पीछे हट गए, बैंक ऋण देने में हिचकिचा रहे थे, निवेशक दूर हो गए और कर्मचारियों का मनोबल गिर गया। सबसे बड़ी क्षति छात्रों और अभिभावकों के विश्वास का टूटना था।

भारत का कोचिंग उद्योग लाखों युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़ा हुआ है। अभिभावक अपनी पूरी पूंजी और बच्चों का बहुमूल्य समय इन संस्थानों पर लगाते हैं। यदि बिना ठोस सबूतों के ऐसे बयान बार-बार आएंगे, तो पूरे शिक्षा क्षेत्र पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि जांच एजेंसियों को 2010 के गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना चाहिए। प्रेस रिलीज केवल तभी जारी की जानी चाहिए, जब पर्याप्त सबूत जुट जाएं और चार्जशीट दाखिल हो चुकी हो। अधिकारियों के प्रशिक्षण में तथ्यों और राय-आधारित भाषा के बीच स्पष्ट अंतर सिखाया जाना चाहिए।

न्याय में देरी अन्याय है, यह सत्य है, लेकिन जल्दबाजी में किया गया ‘न्याय’ निर्दोषों की जिंदगी बर्बाद कर सकता है। जांच एजेंसियां पूरी निष्ठा और सख्ती से अपना कर्तव्य निभाएं, लेकिन निष्पक्षता, प्रक्रियागत न्याय और सावधानी को भी सुनिश्चित करें। तभी जनता का इन पर विश्वास बरकरार रहेगा और न्याय सही मायनों में न्याय बन पाएगा। (ये लेखक के निजी विचार हैं।)

संबंधित समाचार