LDA News : अनंत नगर में बनेगा अदिति अपार्टमेंट, एलडीए बनाएगा 1 व 2 बीएचके के 1392 अफोर्डेबल फ्लैट

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

यह अनंत नगर की पहली बहुमंजिला हाउसिंग स्कीम होगी

लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ विकास प्राधिकरण अपनी अनंत नगर योजना के आदर्श खंड में अदिति अपार्टमेंट बनाएगा। यह पहली बहुमंजिला हाउसिंग स्कीम होगी, जहां विभिन्न आय वर्ग के परिवारों 1 बीएचके एवं 2 बीएचके श्रेणी के कुल 1392 फ्लैट किफायती कीमत पर मिलेंगे। बुधवार को उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

उपाध्यक्ष ने बताया कि आदर्श खंड में 18,411 वर्गमीटर क्षेत्रफल के ग्रुप हाउसिंग भूखंड पर अदिति अपार्टमेंट में पांच टॉवर निर्मित किए जाएंगे। यह परियोजना विभिन्न आय वर्ग के परिवारों की आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसमें 1 बीएचके के 412 फ्लैट होंगे, प्रत्येक फ्लैट 38.25 वर्गमीटर क्षेत्रफल का होगा।

वहीं, 2 बीएचके श्रेणी के 980 फ्लैट बनेंगे, प्रत्येक फ्लैट 50.10 वर्गमीटर क्षेत्रफल का होगा। ग्रुप हाउसिंग में बेसमेंट एवं स्टिल्ट पार्किंग का प्रावधान किया जाएग। इसमें 545 चार पहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी। 7,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पार्क एवं ग्रीन बेल्ट विकसित किया जाएगा। अपार्टमेंट को इस तरह डिजाइन किया गया है, जिससे अधिकांश फ्लैटों से लोगों को हरित क्षेत्र का दृश्य मिलेगा। यह ग्रुप हाउसिंग पूरी तरह हरियाली से घिरी होगी और यहां रहने वाले लोगों को बेहतर वातावरण का अनुभव होगा।

फ्लैट में मिलेगी तीन बालकनी 

मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि अपार्टमेंट में 1 बीएचके के फ्लैट में 2 और 2 बीएचके के फ्लैट में 3 बालकनी दी जाएंगी। यह परियोजना पूरी तरह आधुनिक शहरी सुविधाओं से लैस होगी। इसमें हाई स्पीड लिफ्ट, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, पावर बैकअप, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, कम्यूनिटी स्पेस, पेडेस्ट्रियन पाथ-वे आदि सुविधाएं शामिल होंगी। जल्द ही इस परियोजना के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा।

बसंतकुंज में भी लगभग चार हजार फ्लैट बनेंगे

लखनऊ विकास प्राधिकरण राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास बसंतकुंज में अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम लाएगा। इसकी तैयारी कर ली है। योजना में करीब चार हजार फ्लैट बनाए जाएंगे। इस योजना की यह पहली स्कीम होगी जहा, लोगों को कम दाम पर फ्लैट मिलेंगे। अफोर्डेबल हाउसिंग यानी कम या मध्यम आय वाले परिवारों को कम कीमत पर सुरक्षित और पक्के मकान उपलब्ध कराना होता है।

संबंधित समाचार