मालवीय नगर अग्निकांड : इमारत के मालिक व पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी, मुख्यमंत्री ने डीएम से मांगी रिपोर्ट, मृतकों में 11 विदेशी नागरिक

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली के जिलाधिकारी (डीएम) से अग्निकांड की विस्तृत रिपोर्ट मांगी और चेतावनी दी कि अगर कोई लापरवाही पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने जहां एक तरफ मालवीय नगर स्थित जिस होटल में आग लगी था उसके मालिक लवकेश बजाज और उसकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। तो वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली के जिलाधिकारी (डीएम) से अग्निकांड की विस्तृत रिपोर्ट मांगी और चेतावनी दी कि अगर कोई लापरवाही पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

 मालवीय नगर के हौज रानी स्थित 'फ्लोरिश स्टे बी एंड बी' होटल में आग लगने से 21 लोगों को मौत हो गई जिनमें 11 विदेश नागरिक हैं। दिल्ली सरकार के अधिकारियों के अनुसार, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (दक्षिण) के आपातकालीन संचालन केंद्र (ईओसी) को मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में स्थित होटल में आग लगने की सूचना सुबह 8.52 बजे मिली। 

मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार, आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों को तुरंत सूचित किया गया। घटनास्थल पर पहुंचने वाले पहले दल ने देखा कि होटल भीषण आग की चपेट में है। अधिकारियों ने बताया कि दो चिकित्सा दल सुबह 9:54 बजे घटनास्थल पर भेजे गए और वे सुबह 10:05 बजे वहां पहुंचे। प्रत्येक दल में दो डॉक्टर और छह पैरामेडिकल कर्मी शामिल थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग होटल के भूतल पर स्थित एक रेस्तरां से शुरू हुई। आग पर काबू पा लिया गया और दोपहर 12 बजे तक खोज एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया। प्रशासन फिलहाल घटना के कारणों की जांच कर रहा है।

 दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि क्या इमारत के पास दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) से वैध अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) था, और क्या इसे रेस्तरां चलाने के लिए आवश्यक अनुमति थी। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), डीएफएस और बिजली एवं जल विभागों सहित सभी संबंधित एजेंसियों को दक्षिण दिल्ली के डीएम की देखरेख में क्षेत्र में निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। 

 इमारत के मालिक व पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी

दिल्ली पुलिस ने मालवीय नगर स्थित उस होटल की इमारत के मालिक लवकेश बजाज और उसकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है, जहां बुधवार को भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को विदेश भागने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया है, जबकि कई टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं। बुधवार को भीड़भाड़ वाले हौज रानी इलाके में स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी में आग लग गई। 

मृतकों में 11 विदेशी नागरिक शामिल हैं, जबकि कई अन्य अस्पतालों में गंभीर हालत में हैं। मालवीय नगर की एक तंग गली में बिना अग्नि संबंधी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के चल रहे होटल में भीषण आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 58 लोगों को निकाला गया और अस्पतालों में भर्ती कराया गया जहां 21 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जिनमें 10 भारतीय, नौ अफ्रीकी नागरिक और तुर्कमेनिस्तान के दो नागरिक शामिल हैं। 

जांचकर्ताओं के मुताबिक, होटल में निर्धारित क्षमता से करीब चार गुना ज्यादा लोग ठहराए जा रहे थे और उसके पास जरूरी अग्नि सुरक्षा मंजूरी भी नहीं थी। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या और भारतीय न्याय संहिता की अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

संबंधित समाचार