विश्व पर्यावरण दिवस : सहारनपुर में पंचायत राज विभाग लगाएगा 31 हजार पौधे, 'एक पेड़ मां के नाम' के तहत संकल्प
सहारनपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पंचायत राज विभाग द्वारा सहारनपुर जिले में 31 हजार पौधे रोपे जाएंगे। इसके तहत प्रत्येक पंचायत सचिवालय, रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी), सामुदायिक शौचालय तथा तालाबों के आसपास व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा।
विकास भवन स्थित सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत सामुदायिक शौचालयों की महिला केयरटेकरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुबोध कुमार ने कहा कि स्वच्छता और सुरक्षित पशुपालन को अपनाकर महिलाएं अपनी आय में वृद्धि कर सकती हैं।
उन्होंने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए महिला केयरटेकरों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं विकसित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बताया गया कि पंचायत राज विभाग द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 31 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। प्रत्येक पंचायत सचिवालय, आरआरसी सेंटर और सामुदायिक शौचालय परिसर में पौधे लगाए जाएंगे।
इसके अलावा 'मेरा तालाब, मेरी जिम्मेदारी' अभियान के अंतर्गत तालाबों के आसपास भी वृक्षारोपण किया जाएगा। इस दौरान सामुदायिक शौचालयों की महिला केयरटेकरों ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला स्वच्छता सलाहकार संदीप कुमार एवं आशीष सिंह ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से स्वच्छता के सात आयामों तथा सामुदायिक शौचालयों में महिला केयरटेकरों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
विकासखंड साढ़ौली कदीम की महिला केयरटेकरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में खंड स्वच्छता प्रेरक अजय कुमार, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) प्रदीप पुंडीर तथा खंड स्वच्छता प्रेरक अंकित कुमार ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
