चित्रकूट में पानी संकट को लेकर सपा का भाजपा पर हमला, बोले अखिलेश- जनता को आज पानी चाहिए, 2047 के सपने नहीं
लखनऊ, अमृत विचार: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चित्रकूट में पेयजल संकट को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पानी के लिए तरस रहे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की स्थिति भाजपा सरकार के विकास के दावों की पोल खोल रही है।
सपा प्रमुख ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि जनता आज पानी की मांग कर रही है, जबकि सरकार विकसित भारत-2047 के सपने दिखा रही है। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के रहते जल जीवन मिशन का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है और ‘हर घर जल’ का नारा केवल दीवारों तक सीमित रह गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बजट की लूट और कमीशनखोरी चरम पर है। इसी कारण कहीं पानी की टंकियां गिर रही हैं तो कहीं पुल और सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के बजाय भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार नदियों की सफाई के वादे भी पूरे नहीं कर सकी। गंगा और यमुना समेत कई नदियों की स्थिति खराब है तथा शहरों के नालों का पानी नदियों में गिर रहा है। नदियों की सफाई के लिए आवंटित बजट का दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने गोमती नदी के किनारे विश्वस्तरीय रिवर फ्रंट विकसित कर नदियों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का उदाहरण प्रस्तुत किया था। उनकी सरकार ने नदियों की सफाई और पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए थे, जबकि वर्तमान सरकार उन प्रयासों को आगे बढ़ाने में विफल रही है।
