दिल्ली में हाई अलर्ट: CJP के प्रदर्शन को लेकर हवाई अड्डे और सीमाओं पर सुरक्षा सख्त, 1000 से अधिक जवान तैनात

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः डिजिटल संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर शनिवार को दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे, सीमा प्रवेश बिंदुओं और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस महीने की शुरुआत में सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने समर्थकों और छात्रों से दिल्ली में उनके नेतृत्व में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया था। उन्होंने समर्थकों से छह जून को दिल्ली हवाई अड्डे पर उनसे मिलने का भी आग्रह किया था। 

MUSKAN DIXIT (3)

1,000 से अधिक पुलिस कर्मी तैनात

आपको बता दें शुक्रवार देर रात पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति दे दी है और इसी के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, एहतियात के तौर पर सुरक्षा उपायों के तहत नयी दिल्ली जिले और अन्य रणनीतिक स्थानों पर 1,000 से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और दिल्ली को पड़ोसी राज्यों से जोड़ने वाले सीमावर्ती चौकियों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों, बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस की टीम को तैनात किया गया है। 

MUSKAN DIXIT (4)

प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच तेज

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर के बाहर कई स्तरों पर अवरोधक लगाए गए हैं। साथ ही सीमा चौकियों और मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच तेज कर दी गई है। इन व्यवस्थाओं के तहत शुक्रवार को दिल्ली हवाई अड्डे और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस उपायुक्त (आईजीआई) विचित्र वीर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने 'फील्ड स्टाफ' को आवश्यक निर्देश दिए और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की और फील्ड इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। किसी अप्रिय स्थिति की आशंका के तहत जिला पुलिस इकाइयों को पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों को तैयार रखने और घटनाक्रम पर कड़ी नजर रखने के लिए कहा गया है। 

MUSKAN DIXIT (5)

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस बल स्थिति का आकलन करने और तैयारियों को सुनिश्चित करने के लिए खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले अन्य हितधारकों के साथ समन्वय कर रहा है। पुलिस ने कहा कि जन सुरक्षा और यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है, साथ ही दिल्ली में कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। पिछले महीने एक अदालती सुनवाई के दौरान भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने कुछ व्यक्तियों को ''कॉकरोच'' (तिलचट्टा) और ''परजीवी'' कहा था, जिस पर व्यंग्यात्मक प्रतिक्रिया के रूप में शुरू हुआ यह अभियान अब एक संगठित अभियान का रूप ले चुका है, जिसके ऑनलाइन बड़ी संख्या में 'फॉलोअर' हैं।

संबंधित समाचार