पुलिस भर्ती परीक्षा: 19 केंद्रों पर हर पाली में 8,736 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, प्रशासन के लिए चुनौती

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए जिले में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में 8,736 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संचालन के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए जिले में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में 8,736 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संचालन के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

दो पालियों में होगी परीक्षा
एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने बताया परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। पहली पाली के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। केंद्रों पर अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह स7.15 बजे से शुरू कर दिया जाएगा। जिले के सभी 19 परीक्षा केंद्रों को पांच जोन में विभाजित किया गया है। 

कक्ष निरीक्षक नहीं ले जा सकेंगे फोन
प्रत्येक केंद्र की निगरानी के लिए 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा केंद्र व्यवस्थापक के साथ बाहरी केंद्र व्यवस्थापक भी नियुक्त किए गए हैं, जो परीक्षा की व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे। साथ ही रिजर्व में पांच स्टेटिक मजिस्ट्रेट को रखा गया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रवेश मिलेगा। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए कक्ष निरीक्षकों को भी मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

केवल पानी की बोतल और और पहचान पत्र ले जा सकेंगे
परीक्षार्थियों को केवल पानी की पारदर्शी बोतल, पेन, पहचान पत्र ही ले जाने की छूट दी गई है। स्मार्ट वॉच समेत कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट नहीं ले जा सकेंगे। ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (टीजीटी) की परीक्षा के दौरान इस्लामियां गर्ल्स इंटर कालेज व बरेली कालेज में दो साल्वरों को पकड़ा गया था। इस घटना को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।

संबंधित समाचार