पुलिस भर्ती परीक्षा: आज से तीन दिन तक रहेगा डायवर्जन, ज्यादा जरूरी न हो तो इन रास्तों से बचकर निकलें

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पुलिस की परीक्षार्थियों से समय से निकलने की अपील

उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर जिले में सोमवार और मंगलवार को भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। यह व्यवस्था प्रतिदिन सुबह 5 बजे से शाम 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। यातायात पुलिस ने परीक्षार्थियों और आमजन से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की अपील की है।

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर जिले में सोमवार और मंगलवार को भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। यह व्यवस्था प्रतिदिन सुबह 5 बजे से शाम 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। यातायात पुलिस ने परीक्षार्थियों और आमजन से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की अपील की है।

यातायात विभाग के अनुसार बरेली शहर से रामपुर और दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन मिनी बाईपास और झुमका चौराहे की बजाय महादेव पुल, श्यामगंज पुल, डेलापीर, विलयधाम और विल्वा पुल होकर गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहन झुमका तिराहे से बड़ा बाईपास, विल्वा पुल, विलयधाम और इन्वर्टिस तिराहे के रास्ते ट्रांसपोर्ट नगर तक आ सकेंगे।

बदायूं की ओर से लखनऊ, शाहजहांपुर और पीलीभीत जाने वाले वाहनों को रामगंगा तिराहा, बुखारा मोड़ से फरीदपुर होकर भेजा जाएगा। इसी प्रकार लखनऊ और शाहजहांपुर की ओर से दिल्ली, रामपुर और मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन बड़े बाईपास, विलयधाम, विल्वा और झुमका तिराहे के रास्ते गुजरेंगे। पीलीभीत और नैनीताल से बदायूं जाने वाले वाहन भी बड़े बाईपास और फरीदपुर मार्ग का उपयोग करेंगे।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह डायवर्जन व्यवस्था आकस्मिक सेवा वाहनों, रोडवेज बसों और नगर निगम की बसों पर लागू नहीं होगी। बारादरी, प्रेमनगर, इज्जतनगर, सीबीगंज, कोतवाली, किला और हाफिजगंज क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी दोपहिया वाहन, छोटे वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा से पहुंच सकेंगे।

यातायात पुलिस के अनुसार जिन अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र बरेली कॉलेज और बरेली इंटर कॉलेज है, उन्हें बरेली कॉलेज के पश्चिमी गेट प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा के दौरान कॉलेज का पूर्वी गेट बंद रहेगा। पुलिस ने सभी परीक्षार्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे समय से पहले घर से निकलें तथा झुमका तिराहा, विलवा अंडरपास, विलयधाम अंडरपास, इन्वर्टिस तिराहा, रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर यातायात असुविधा से बचें।

 

संबंधित समाचार