संतकबीर नगर में मासूम की मौत : खेत में फैले करंट की चपेट में आया 10 वर्षीय बालक, 8 लोगों पर केस दर्ज
संतकबीर नगर। उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में खेत में करंट लगने से 10 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। घटना बखिरा थाना क्षेत्र के शिवापार गांव में मंगलवार रात हुई और मृतक की पहचान अमन यादव के रूप में हुई है। बखिरा के थाना प्रभारी (एसएचओ) उमाशंकर त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस ने खेत के चारों ओर बिजली के तार लगाने के आरोप में आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
बिजली के तार से लगा करंट
प्राथमिकी के अनुसार अमन पास के मैदान में खेल रहा था तभी वह बिजली के तार के संपर्क में आ गया और उसे जोरदार झटका लगा। पुलिस के अनुसार अमन को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की जांच जारी
एसओ ने बताया कि कुलदीप, संदीप, कमलेश, विशंभर, धनंजय, छोटो और जितेंद्र नामक व्यक्तियों और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें :
देवा में संविदा बिजली कर्मी की मौत पर बवाल, नाराज ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाकर किया सड़क जाम
