Lucknow News: सहायक उद्यान अधिकारी और निरीक्षक को मिली धमकी, ठेकेदारों पर LDA Office में घुसकर धमकाने का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

उपाध्यक्ष ने पार्कों की कमियों पर लगाया था 23 लाख जुर्माना

लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ विकास प्राधिकरण के सहायक उद्यान अधिकारी कर्ण सिंह और निरीक्षक रिषभ को जान से मारने की धमकी मिली है। आरोप है कि पार्कों की देखरेख में कमियां मिलने पर लगाए गए जुर्माना से नाराज होकर दो ठेकेदारों ने कार्यालय में आकर धमकाया है।

मामले की शिकायत उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार से की है। फरवरी में उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गोमती नगर विस्तार योजना के सेक्टर-1 वरदान खंड में 14 पार्कों का निरीक्षण किया था। उस दौरान सभी पार्कों में घास, झाड़ियां, इधर-उधर पत्ते पड़े मिले थे। पौधे भी सिंचाई के अभाव में सूखे मिले थे। साफ-सफाई व संचालन भी ठीक नहीं पाया था।

अनुबंध के मुताबिक लापरवाही पर उपाध्यक्ष ने संबंधित फर्म के ठेकेदार पर तीन लाख रुपये जुर्माना लगाया था। इसी ठेकेदार व उसके परिवार के एक व्यक्ति ने गोमती रिवर फ्रंट का भी अनुबंध के तहत कार्य ले रखा था। उपाध्यक्ष को गोमती रिवर फ्रंट के निरीक्षण में इसी तरह की तमाम कमियां मिली थी। उन्होंने नाराजगी जताते हुए दोनों ठेकेदारों पर 10-10 लाख रुपये लगाया था।

पीड़ितों का आरोप, कार्रवाई से नाराज ठेकेदार देते हैं धमकी

पीड़ितों का आरोप है कि कार्रवाई से नाराज दोनों ठेकेदार आयेदिन फोन पर व सामने आकर बराबर धमकाते आ रहे हैं। बेवजह आईजीआरएस पर शिकायत करते हैं। सहायक उद्यान अधिकारी को 10 मार्च को मारने की धमकी दी थी। ठीक इसी तरह मंगलवार को उद्यान अधिकारी के सामने कार्यालय में दोनों ठेकेदारों ने आकर निरीक्षक को जान से मारने की धमकी दी है। मामले की शिकायत बुधवार को उपाध्यक्ष से की गई है।

संबंधित समाचार