कपड़ा व्यापारी हत्याकांड: बिलसंडा SO सिद्धांत शर्मा लाइन हाजिर, जगदीप मालिक बने नए थाना प्रभारी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पप्पू गुप्ता हत्याकांड के बाद विभागीय कार्रवाई तेज, पहले ही एक दरोगा और दो सिपाही हो चुके हैं निलंबित

बिलसंडा में कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवालों के बीच आखिरकार थाना प्रभारी पर कार्रवाई कर दी गई। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बिलसंडा के एसओ सिद्धांत शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह जगदीप मालिक को नया थाना प्रभारी बनाया गया है।

पीलीभीत, अमृत विचार। बिलसंडा में कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवालों के बीच आखिरकार थाना प्रभारी पर कार्रवाई कर दी गई। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बिलसंडा के एसओ सिद्धांत शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह जगदीप मालिक को नया थाना प्रभारी बनाया गया है। इससे पहले मामले में एक दरोगा और दो सिपाहियों को निलंबित किया जा चुका है। पुलिस की इस कार्रवाई को हत्या से पहले मिली शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई न होने से जोड़कर देखा जा रहा है।

धमकियों की शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
28 मई को बिलसंडा कस्बे में साइकिल व्यापारी पंकज कटियार पर हमला किया गया था। आरोप है कि उन्हें लंबे समय से धमकियां मिल रही थीं और इस संबंध में पुलिस को तहरीर भी दी गई थी। पंकज कटियार को बचाने पहुंचे कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता की हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे थे।

बकरीद की शाम हुई थी सनसनीखेज वारदात
बकरीद की शाम थाना क्षेत्र में हुई इस हत्या ने पूरे जिले को झकझोर दिया था। घटना थाना से कुछ दूरी पर हुई थी, जिसके चलते कानून-व्यवस्था और पुलिस की सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई थी।

आठ आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस अब तक हत्याकांड में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सभी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर आगे भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। 

 

 

संबंधित समाचार