रायबरेली में 11 हजार वोल्ट लाइन बनी खतरा: ईदगाह के पास झूलते तारों पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, आंदोलन की चेतावनी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

शिवगढ़ क्षेत्र के बैंती गांव में महीनों से करीब छह फीट की ऊंचाई पर लटक रहे 11 केवी बिजली के तारों को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन। बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, एसडीओ ने समाधान का दिया आश्वासन।

शिवगढ़ (रायबरेली)। रायबरेली के शिवगढ़ क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत बैंती में 11 हजार वोल्ट (11 केवी) हाई वोल्टेज बिजली लाइन के झूलते तार ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। आरोप है कि ईदगाह परिसर और बैंती रजबहा की पटरी के पास कई महीनों से तार बेहद नीचे लटक रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।

ईदगाह परिसर के पास प्रदर्शन, लगाए नारे

बिजली विभाग की कथित लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह करीब 9 बजे ईदगाह परिसर के पास झूलते तारों के नीचे खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

'करीब छह फीट की ऊंचाई पर झूल रहे हैं तार'

ग्रामीणों का कहना है कि करीब छह फीट की ऊंचाई पर 11 केवी हाई वोल्टेज लाइन के तार कई महीनों से लटक रहे हैं। इस संबंध में कई बार विद्युत विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि कोई दुर्घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

प्रदर्शन में मुन्ना, पप्पू, आरिफ, मोहम्मद वहीद, फहीम, विकास, आशिफ सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

एसडीओ बोले- संज्ञान में नहीं था मामला

मामले पर एसडीओ जे.के. शर्मा ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था। यदि बिजली के तार ढीले हैं तो उन्हें जल्द ही टाइट कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।

यह भी पढ़ेंः Bareilly News: फर्जी IAS बनकर रचाई शादी, 15 दिन बाद पति से मांगे 40 लाख रुपये, ब्लैकमेलिंग का खुलासा

संबंधित समाचार