अब वक्त आ गया है सरकार को हटाने का, प्रधान के इस्तीफे पर हमलावर हुये राहुल गांधी

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

नयी दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर देशभर के छात्रों और युवाओं को बधाई देते हुए इस निर्णय को देश की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि देशभर के उन सभी छात्रों और युवाओं को हार्दिक बधाई, जिन्होंने अपने अधिकारों और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए मजबूती से संघर्ष किया।

प्रधान के इस्तीफे को लोकतंत्र और संविधान की जीत बताते हुए उन्होंने कहा कि यह अपने भविष्य की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले छात्रों की यह बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि अभी दो मांगें बाकी हैं।

पहली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों और देश के भविष्य का सम्मान करते हुए उनसे माफी मांगें और दूसरी, छात्रों के खिलाफ हुई हिंसा के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कांग्रेस नेता ने छात्रों और युवाओं से अपील करते हुए कहा है कि वे डरें नहीं बल्कि अपने सम्मान, अधिकार, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संवैधानिक तरीके से डटे रहें। 

राहुल गांधी ने कहा कि अब किसी को भी युवाओं की आवाज दबाने का साहस नहीं करना चाहिए। किसानों, मजदूरों, गरीबों और सरकार की नीतियों से प्रभावित अन्य वर्गों से भी अपने अधिकारों के लिए संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि इस सरकार को सत्ता से हटाया जाए। 

यह भी पढ़ें : झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए...' धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले अभिजीत दीपके

संबंधित समाचार