बरेली: बंद फाटक के नीचे से निकाल रहे थे बाइक, ट्रेन ने उड़ाए परखच्चे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। रेलवे फाटक बंद होने के बाद भी लोग जान जोखिम में डालकर फाटक के नीचे से निकलना बंद नहीं कर रहे। नतीजतन वे हादसों का शिकार हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मंगलवार को सामने आया है। फाटक बंद होने के बावजूद दो बाइक सवार बंद फाटक के नीचे से बाइक …

अमृत विचार, बरेली। रेलवे फाटक बंद होने के बाद भी लोग जान जोखिम में डालकर फाटक के नीचे से निकलना बंद नहीं कर रहे। नतीजतन वे हादसों का शिकार हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मंगलवार को सामने आया है। फाटक बंद होने के बावजूद दो बाइक सवार बंद फाटक के नीचे से बाइक निकालने की कोशिश कर रहे थे।

तेजी से आ रही मालगाड़ी को देख दोनों युवक बाइक छोड़कर भाग खड़े हुए। ट्रेन की टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए। हालांकि, दोनों युवक पूरी तरह सही-सलामत हैं। आरपीएफ युवकों की तलाश में जुटी है।

बंद फाटक पर लोग अक्सर लापरवाही बरतते नजर आते हैं। मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पीताम्बरपुर स्टेशन का फाटक बंद होने के बाद भी दो युवक उसके नीचे से अपनी बाइक निकाल रहे थे। दोनों बीच पटरियों तक पहुंचे थे कि इसी दौरान लखनऊ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार मालगाड़ी को देख डर गए। उन्होंने बाइक मौके पर ही छोड़ दी और जान बचाकर भाग खड़े हुए। बाइक में जोरदार टक्कर लगी और उसके परखच्चे उड़ गए।

टक्कर से बाइक दूसरी ओर जाकर गिरी। बाइक के टकराने के बाद लोको पायलट ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। जब तक मौके पर आरपीएफ पहुंची तब तक दोनों युवक अपनी बाइक उठाकर ले जा चुके थे। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि दोनों युवक मठिया की ओर के रहने वाले हैं।

आरपीएफ इंस्पेक्टर वीके शिशौदिया का कहना है कि बाइक सवार युवकों की तलाश के लिए टीम लगा दी गई है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

संबंधित समाचार