13 साल की IAS नौकरी को कहा अलविदा, दिव्या मित्तल का भावुक इस्तीफा; लंदन की नौकरी छोड़ क्रैक किया UPSC
IIT दिल्ली और IIM बेंगलुरु से पढ़ाई, लंदन की नौकरी छोड़ी और देश लौटीं; देवरिया-मीरजापुर की यादों के साथ प्रशासनिक सफर पर लगाया विराम
लखनऊ। भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी दिव्या मित्तल ने करीब 13 वर्षों की प्रशासनिक यात्रा को अपनी इच्छा से विराम दे दिया है। उन्होंने पद से इस्तीफा देने की जानकारी सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए साझा की। अपने संदेश में उन्होंने आईएएस बनने के सफर, प्रशासनिक सेवा के दौरान मिले अनुभव और आम लोगों से मिले स्नेह को याद किया।
दिव्या मित्तल ने बताया कि वह साधारण परिवेश में पली-बढ़ीं, लेकिन बेहतर और सफल जीवन का सपना हमेशा देखा। इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने दिन-रात मेहनत की और आईआईटी दिल्ली तथा आईआईएम बेंगलुरु से पढ़ाई की। इसके बाद उन्हें लंदन में नौकरी मिली।
लंदन की नौकरी के बाद भी देश की याद सताती रही
दिव्या मित्तल के मुताबिक उन्होंने जीवन में बहुत कुछ हासिल किया, लेकिन विदेश में रहते हुए भी उन्हें अपने देश से दूर होने का खालीपन महसूस होता रहा। उन्हें लगता था कि उनकी शिक्षा, आत्मविश्वास और दुनिया में कहीं भी सिर उठाकर चलने की क्षमता के पीछे उनके देश की मिट्टी का योगदान है।
इसी एहसास ने उन्हें भारत लौटने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश की मिट्टी के इस कर्ज को चुकाने की इच्छा से वह भारत लौटीं और उन्हें आईएएस अधिकारी के रूप में सेवा करने का अवसर मिला।
https://twitter.com/divyamittal_IAS/status/2093886943172145265?s=20
देवरिया और मीरजापुर के अनुभवों को किया याद
अपने भावुक संदेश में दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा के दौरान मिले अनुभवों को भी साझा किया। उन्होंने देवरिया और मीरजापुर में अपने कार्यकाल के दौरान आम लोगों से मिले स्नेह और उनसे मिली सीख को याद किया।
उन्होंने कहा कि पद भले ही छूट गया हो, लेकिन देश की मिट्टी से मिला सपना उनके साथ जीवनभर रहेगा।
2013 बैच की आईएएस अधिकारी हैं दिव्या मित्तल
दिव्या मित्तल 2013 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। मौजूदा समय में वह राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात हैं। इससे पहले वह देवरिया की जिलाधिकारी थीं और 6 मई को डीएम पद से हटाई गई थीं।
उनके इस्तीफे की जानकारी सामने आने के बाद उनकी प्रशासनिक यात्रा और सोशल मीडिया पर साझा किया गया भावुक संदेश चर्चा में है।
यह भी पढ़ेंः यूपी में बाढ़ का कहर: रास्ते बंद, 15 हजार लोग फंसे, 800 दुकानें डूबीं; घर से निकलने से पहले जानें हाल
