लखनऊ : हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी बोले मैं जिंदा हूं…
लखनऊ, अमृत विचार: सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में शनिवार को एनजीओ संचालक धीरेन्द्र प्रताप सिंह की अपहरण के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में जहां पुलिस ने जांच शुरू की।
शुरुआती जांच में पुलिस ने बताया कि मृतक हिंदू युवा वाहिनी का नेता बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर यह मैसेज प्रसारित हो गया। शाम होते-होते हिंदू युवा वाहिनी के लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इस वीडियो में हिंदू युवा वाहिनी के लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने ये बयान दिया कि मैं अभी जिंदा हूं... टीवी पर अपनी मौत की खबर देख रहा हूं।
हिंदू युवा वाहिनी के लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेन्द्र प्रताप ने अपने वायरल हुए वीडियो में कहा कि ''मैं जीवित हूं, सकुशल हूं''। इसके आगे उन्होंने कहा कि ''कुछ न्यूज़ चैनल्स ने जल्दबाज़ी में एक धीरेंद्र प्रताप सिंह जो उन्नाव के रहने वाले थे, उनकी दुखद हत्या को हमसे जोड़कर चला दिया। इतना ही नहीं, हमारा फोटो तक चला दिया, हिंदू युवा वाहिनी भी चला दिया, हिंदूवादी नेता भी चला दिया''।
हिंदू युवा वाहिनी के नेता धीरेन्द्र ने कहा कि घटना के बाद से लगातार मेरे पास इतने फोन आ रहे हैं कि पिछले घंटे भर में 200 कॉल उठाए हैं और पहली लाइन यही रही कि ''मैं ज़िंदा हूं भाई अभी।'' उन्होंने कहा कि सामने टीवी चल रही है और मैं बैठकर अपनी मौत का खबर देख रहा हूं''।
