रायबरेली : आठ दिनों से लापता युवक का पेड़ से लटकता मिला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हाईवे किया जाम

बछरावां, रायबरेली, अमृत विचार : थाना क्षेत्र के ग्राम बगाही मजरे विशुनपुर गांव में आठ दिनों से लापता युवक का शव गांव के बाहर पेड़ से लटकता हुआ मिला। शव पूरी तरह से सड़ चुका था। मां ने मौके पर पहुंचकर बेटे की पहचान की। मां का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है। पुलिस ने शव क्षत-विक्षत को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने लखनऊ-प्रयागराज हाइवे को जाम कर दिया। पुलिस के समझाने-बुझाने पर सभी शांत हुए। 

क्षेत्र के बगाही गांव निवासी मोहित रावत (25) पुत्र स्व. खुशीराम बीती 22 तारीख को घर से अचानक कहीं लापता हो गया था। घर वालों ने काफी खोजबीन की परंतु उसका कहीं पता नहीं चल सका। रविवार को एक किसान अपने खेतों पर खाद डालने गया तो उसने पेड़ पर लटकते हुए शव को देखकर गांव वालों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान करने के लिए बगाही गांव के लोगों को मौके पर बुलाया। मां रामलली ने  बेटे के सीने पर उसके नाम का टैटू देखकर पहचान गई। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

तीन लोगों के विरुद्ध हत्या की तहरीर

मृतक की मां रामलली ने थाने पर तीन लोगों के विरुद्ध तहरीर देते हुए कहा है कि उसके बेटे को दो महीने पूर्व तीन लोगों ने मारा पीटा था, जिससे बेटे के सिर पर गंभीर चोटे आई थीं। उसने इसकी शिकायत थाने पर की थी। तभी से वह दबंग उसके बेटे को धमकी दे रहे थे कि तुमको एक सप्ताह के अंदर मार डालेंगे। मां का आरोप है कि उन्हीं दबंगों ने एक दिन घर के आकार भी बेटे को जान से मार देने की धमकी दी थी। मां रामलली का आरोप है कि उनके बेटे मोहित की तीन लोगों ने हत्या करके पेड़ से लटका दिया है।

यह भी पढ़ें : गनर छुट्टी पर, फॉर्च्यूनर में कत्ल : सुरक्षा मिलने के बावजूद कैसे हुई धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या?

संबंधित समाचार