रायबरेली : सगे भाई ने चाचा-चाची संग मिलकर शिवबाबू की ले ली जान
रास्ते की जिद ने रिश्तों में घोला जहर, खीरों थाना क्षेत्र के एकौना गांव का मामला
खीरों, रायबरेली, अमृत विचार : एक रास्ते की मांग को लेकर लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद आखिरकार खून से रंग गया। एकौनी गांव में शुक्रवार रात 24 वर्षीय शिवबाबू की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या के मामले में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, रिश्तों को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आती गई। शुरुआत में मृतक के चाचा, चाची और चचेरे भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन जांच में मृतक के सगे बड़े भाई रामबाबू की भूमिका भी सामने आई। आरोप है कि रामबाबू ने चाचा चन्द्रपाल, चाची सविता और चचेरे भाई अमृतलाल उर्फ मन्नू के साथ मिलकर शिवबाबू को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार परिवार द्वारा उसकी शादी न किए जाने से शिवबाबू नाराज होकर अलग एक कमरे में रहता था। शिवबाबू आने जाने के लिए अलग रास्ते की मांग करता था, जबकि परिजन उसे सहन (दूसरे रास्ते) की ओर से आने-जाने की सलाह देते थे। जिस स्थान से वह रास्ता चाहता था, वहां उसके चाचा का कब्जा बताया जा रहा है। इसी बात को लेकर आए दिन शिवबाबू का परिजनों और चाचा से विवाद होता था। शुक्रवार को इसी को लेकर शिवबाबू और उसके चाचा चन्द्रपाल में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पीआरबी पुलिस ने समझौता कराया, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। देर रात शिवबाबू लाठी लेकर खेत की ओर चाचा से दोबारा विवाद करने पहुंच गया। इसकी जानकारी उसके बड़े भाई रामबाबू को हुई तो उसने चचेरे भाई अमृतलाल उर्फ मन्नू को सूचना दी और खुद भी खेत पहुंच गया। पुलिस के अनुसार वहां शिवबाबू और चन्द्रपाल के बीच मारपीट शुरू हो चुकी थी। चन्द्रपाल घायल हो गया। आरोप है कि रामबाबू और अमृतलाल ने शिवबाबू को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। वह गंभीर हालत में खेत में तड़पता रहा। दूसरी ओर घायल चन्द्रपाल को उपचार के लिए सीएचसी लालगंज ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जान की लगाता रहा गुहार, नहीं पसीजे हमलावर
उधर, खेत में पड़ा शिवबाबू जिंदगी बचाने की गुहार लगाता रहा। 'कोई पानी पिलाओ...' पुकारता रहा, लेकिन हमलावर नहीं पसीजे। इस दौरान मदद पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। शनिवार सुबह खेत में शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की सूचना मिलते ही सीओ लालगंज सुजीत राय और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से पूछतांछ कर घटना की जांच की।
प्रभारी निरीक्षक सन्तोष कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पिता चन्द्रलाल की तहरीर पर चन्द्रपाल, सविता, अमृतलाल उर्फ मन्नू समेत अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में रामबाबू की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस अब सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
