यह हादसा नहीं हत्या है...: श्रावस्ती में युवक की मौत के बाद परिजनों का हंगामा, ससुराल पक्ष पर लगाया गंभीर आरोप
परिजनों ने युवक की मौत को हादसा मानने से किया इनकार
श्रावस्ती, अमृत विचार: राप्ती बैराज के निकट शनिवार को नहर में डूबकर हुई युवक की मौत के बाद रविवार को परिजनों ने जिला मुख्यालय भिनगा में जमकर हंगामा किया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को ईदगाह चौराहे पर रखकर मृतक के परिजनों ने प्रदर्शन किया। परिजनों ने युवक की मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पोस्टमॉर्टम के बाद गरमाया मामला
यह मामला राप्ती योजक नहर से जुड़ा है, जहां शनिवार को युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में गिरने या धक्का दिए जाने की बात सामने आई थी। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया था। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से कई घंटे तक नहर में तलाशी अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार की देर शाम युवक का शव नहर से बरामद कर लिया गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमॉर्टम के बाद रविवार को मामला तब गरमा गया, जब मृतक के परिजन शव लेकर मुख्यालय भिनगा के ईदगाह चौराहे पर पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
नहर में डूबने से नहीं हुई युवक की मौत : परिजन
परिजनों का आरोप है कि युवक की मौत महज नहर में डूबने से नहीं हुई, बल्कि उसके साथ कुछ ऐसा हुआ है जिसकी जांच बेहद जरूरी है। परिजनों ने मृतक के ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली और उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। युवक ने नहर में खुद छलांग लगाई थी, वह किसी हादसे का शिकार हुआ या फिर उसे धक्का दिया गया ।इन तमाम सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।
यह भी पढ़ें : गनर छुट्टी पर, फॉर्च्यूनर में कत्ल : सुरक्षा मिलने के बावजूद कैसे हुई धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या?
