अल्मोड़ा : पीरियड्स के दौरान बाजार में नहीं मिला शौचालय, व्यवस्था के अभाव में घंटों भटकती रही युवती
रेस्टोरेंट संचालक ने वॉशरूम इस्तेमाल करने से रोका
सोमेश्वर की युवती ने सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द
अल्मोड़ा, अमृत विचार: बाजार में महिलाओं और युवतियों के लिए शौचालय नहीं मिलने का एक गंभीर मामला सामने आया है। सोमेश्वर बाजार में खरीदारी करने आई एक युवती को पीरियड्स शुरू होने पर शौचालय के लिए भटकना पड़ा। युवती के दोस्त ने आपबीती सोशल मीडिया पर साझा की है, जिसके बाद यह मामला चर्चा में बना है।
दरअसल, सोमेश्वर क्षेत्र की एक युवती की सोशियल मीडिया पोस्ट जमकर वायरल हो रही है। पोस्ट में युवती के अनुसार व और उसकी दोस्त सोमेश्वर बाजार में थी, तभी उसके दोस्त को पीरियड्स शुरू हो गए। आसपास शौचालय न होने पर वह पास के एक रेस्टोरेंट में गए और वॉशरूम इस्तेमाल करने की गुहार लगाई, लेकिन संचालक ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों युवतियां लगभग 200 मीटर दूर तल्ली बाजार स्थित सार्वजनिक शौचालय तक पहुंची, लेकिन वहां शौचालय टूटा-फूटा और बदहाल स्थिति में मिला, जो उपयोग लायक नहीं था। काफी देर तक भटकने के बाद उसे परेशानी का सामना करना पड़ा। युवती की दोस्त ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि यह सिर्फ उसके दोस्त की ही नहीं, बल्कि हर महिला और युवती की समस्या है। बाजारों में महिला शौचालयों की कमी और दुकानदारों का असहयोग महिलाओं और युवतियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता है। मामले के सामने आने के बाद लोगों ने सोमेश्वर क्षेत्र में महिला शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने और सभी प्रतिष्ठानों को मानवता के आधार पर महिलाओं को शौचालय सुविधा देने की मांग की है।
कोट-
सोमेश्वर चौराहे से 200 मीटर की दूरी पर तल्ली बाजार स्थित महिला और पुरूषों के लिए सार्वजनिक शौचालय बना हुआ है। जिसको व्यापार मंडल संचालित करता है। सोमेश्वर में हाईटेक शौचालय बनाने के पर्यास किए जा रहे है।
-भुवन जोशी, विधायक प्रतिनिधि, सोमेश्वर।
